आगरा के रहने वाले सिपाही जितेंद्र को कानपुर में ट्रक ने कुचला, दूसरा सिपाही घायल, बेकाबू ट्रक कंटेनर में जा घुसा, चालक की भी मौत
आगरा/कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस का एक जांबाज सिपाही सोमवार तड़के सड़क पर अपनी ड्यूटी निभाते हुए काल के गाल में समा गया। कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर सुबह करीब चार बजे जाम खुलवाने पहुंचे आगरा निवासी सिपाही जितेंद्र को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में साथी बुलंदशहर निवासी सिपाही राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बेकाबू ट्रक आगे चल रहे एक कंटेनर में जा घुसा, जिससे ट्रक चालक की भी मौत हो गई। इस हादसे ने पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ा दी।
बताया गया कि बर्रा एलिवेटेड रोड पर वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ था। सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात वर्ष 2018 बैच के सिपाही जितेंद्र, जो मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे, और उनके साथी राकेश मौके पर पहुंचे। दोनों यातायात सामान्य कराने में जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए ट्रक ने दोनों सिपाहियों को जोरदार टक्कर मार दी। सिपाही जितेंद्र ट्रक के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मृतक जितेंद्र आगरा में कहां के रहने वाले थे।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक घबरा गया और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक कुछ दूरी आगे जाकर एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल सिपाही राकेश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, सिपाही जितेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के कारण एलिवेटेड रोड पर कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।