30 साल बाद कानून के शिकंजे में आई इनामी दंपति, फर्जी पहचान बनाकर काट रहे थे फरारी

आगरा में हरीपर्वत पुलिस, साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वर्ष 1996 के धोखाधड़ी एवं भ्रष्टाचार मामले में 30 वर्षों से फरार चल रहे ₹25-25 हजार के इनामी सुरेंद्र देव यादव और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पहचान बदलकर पहले मेरठ और बाद में शास्त्रीपुरम में एडीए के मकान में रहकर फरारी काटी। पूछताछ में फरारी और पुराने कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

Aug 7, 2026 - 21:59
 0
30 साल बाद कानून के शिकंजे में आई इनामी दंपति, फर्जी पहचान बनाकर काट रहे थे फरारी
पुलिस की गिरफ्त में30 साल से फरार चल रही इनामी दंपति। ।

आगरा। करीब तीन दशक से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे ₹25-25 हजार के इनामी आरोपी सुरेंद्र देव यादव और उनकी पत्नी को आगरा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। हरीपर्वत थाना पुलिस ने साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को शास्त्रीपुरम स्थित उनके ठिकाने से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों वर्ष 1996 में दर्ज धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के एक मामले में लंबे समय से वांछित थे। अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद भी दोनों लगातार फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी पर दोनों के खिलाफ ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दंपती ने अपनी पहचान बदल ली थी। पहले दोनों मेरठ में अलग पहचान के साथ रहे और बाद में आगरा के शास्त्रीपुरम इलाके में आकर बस गए। यहां उन्होंने पत्नी के नाम पर आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) का मकान लेकर नया ठिकाना बना लिया, ताकि किसी को उनकी वास्तविक पहचान का पता न चल सके।

पुलिस की साइबर सर्विलांस टीम को दोनों की गतिविधियों और ठिकाने से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले। इसके बाद हरीपर्वत पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त रणनीति बनाकर शास्त्रीपुरम स्थित मकान पर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने फरारी के दौरान विभिन्न स्थानों पर रहने, पहचान बदलने और पुराने कारोबार से जुड़े कई अहम तथ्यों की जानकारी दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान दोनों ने किन-किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और क्या उन्होंने किसी अन्य नाम से सरकारी अथवा निजी अभिलेख तैयार कराए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। यदि पूछताछ में नए तथ्य सामने आते हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।