गौ महिमा महोत्सवः आगरा में श्रद्धा, शिवत्व और सेवा का समागम बनी विशाल मंगल कलश यात्रा
आगरा। सावन के पहले सोमवार को आगरा की धरती पर भक्ति, भाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय संगम देखने को मिला, जब गौ महिमा महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय गौ महिमा महोत्सव का शुभारंभ संतों के पावन सान्निध्य में हुआ। सूरसदन परिसर से पहले दीवानी चौराहे तक निकली विशाल मंगल कलश यात्रा में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा, मानो स्वयं देवताओं ने भी धरती पर अवतरण ले लिया हो।
-महोत्सव में उमड़ा भक्ति भाव, संतवाणी और संकीर्तन से गुंजा सूरसदन
सुबह नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर से निकली इस शोभायात्रा में 1500 से अधिक महिलाएं मंगल कलश लेकर शामिल हुईं। बम बम भोले, जय गौ माता और हर हर महादेव के घोष, संतों और देवी-देवताओं की झांकियों, शंख-घंटों और बैंड वाद्यों की स्वर लहरियों ने वातावरण को हरि-हरमय बना दिया। यह यात्रा सूरसदन पहुंचकर गौ कथा और शिव आराधना के संकल्प में परिवर्तित हो गई।
गोपेश कृष्ण दास महाराज ने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने हृदय कँवल में गौ माता को विराजमान करता है, उस पर भगवान शिव, श्रीराम और श्रीकृष्ण सहित समस्त देवी-देवताओं की कृपा स्वतः बरसती है। उन्होंने आह्वान किया कि गौ सेवा ही वास्तव में धर्म, पुण्य और मोक्ष का मार्ग है।
रसराज जी महाराज ने संकीर्तन और गौ महिमा की व्याख्या करते हुए कहा कि श्रावण मास भगवान शिव को सर्वाधिक प्रिय है। इस मास में पार्थिवेश्वर शिवलिंग बनाकर जो शिव का पूजन करता है, उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा, लिंग थाप विधिवत करि पूजा, शिव समान प्रिय मोहि न दूजा…।
उन्होंने गौ माता को सनातन धर्म का मूल बताया और कहा कि वे न केवल पर्यावरण, बल्कि मानव अंत:करण को भी शुद्ध करती हैं। भक्ति में भाव और श्रद्धा होनी चाहिए, धन नहीं।
इससे पूर्व गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता और गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
महोत्सव में समाज के अनेक श्रद्धालु और गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनमें पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वाले, ऋषि उपाध्याय, डॉ. कुंदनिका शर्मा, सुमन गोयल, विनोद गंगाचार्य, प्रियंका ठाकुर, सनातन केसरी, कुमकुम उपाध्याय, प्रवीण भारद्वाज, विश्वनाथ भारद्वाज, इंद्रदीप जैन, हरिओम गोयल, ममता सिंघल, शशि गुप्ता, नितेश बंसल एडवोकेट, उमा दत्त शर्मा, नितिन कोहली, अर्जुन शर्मा, अमित ग्वाला प्रमुख रहे।
पार्षद मुरारीलाल गोयल ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे सूरसदन में प्रतिदिन प्रातः पार्थिव शिवलिंग अभिषेक और सायंकाल महाशिवपुराण कथा, गौ कथा व भजन संध्या में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।