रैगिंग पर सख्ती: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग दिवस छात्रों को दिलाई गई रैगिंग के खिलाफ शपथ
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बुधवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड और एंटी रैगिंग समिति के संयुक्त तत्वावधान में एंटी रैगिंग दिवस मनाया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में 12 से 18 अगस्त तक चलने वाले एंटी रैगिंग सप्ताह की गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन ने रैगिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य कुलानुशासक प्रो. रवेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर गुरुकुल की तरह अनुशासित, सुरक्षित और संस्कारपूर्ण होना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और परिसर में किसी भी तरह का भय या असुरक्षा का माहौल नहीं बनने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी कनिष्ठ विद्यार्थी को वरिष्ठ विद्यार्थी से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। विश्वविद्यालय के 22 प्रॉक्टर्स परिसर में अनुशासन बनाए रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि रैगिंग अथवा किसी अन्य अनुशासनहीन गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में विश्वविद्यालय से निष्कासन, चरित्र प्रमाणपत्र में प्रतिकूल टिप्पणी और गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराना शामिल हो सकता है।
मुख्य अतिथि प्रो. संतोष अरोड़ा ने कहा कि रैगिंग नकारात्मक मानसिकता का परिणाम है और इसके कई मामलों में गंभीर परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिचय भय या दबाव के बजाय प्रेम, सम्मान और आत्मीयता के साथ होना चाहिए। वरिष्ठ विद्यार्थियों को कनिष्ठ विद्यार्थियों के साथ बड़े भाई-बहन जैसा व्यवहार करते हुए उन्हें सहयोग और मार्गदर्शन देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। रैगिंग करना और उसे सहन करना, दोनों अनुचित हैं। यदि किसी विद्यार्थी के साथ रैगिंग होती है या कोई विद्यार्थी ऐसी घटना का गवाह बनता है तो उसे तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी सूचना देनी चाहिए।
प्रॉक्टर डॉ. राम बाबू सिंह ने विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग प्रतिज्ञा दिलाई और रैगिंग मुक्त परिसर के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एंटी रैगिंग समिति की नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी द्विवेदी ने किया।
इस अवसर पर डॉ. आभा त्रिवेदी, डॉ. पूजा यादव, डॉ. इरम, डॉ. पंकज, डॉ. रश्मि रंजन, डॉ. अख्तर हुसैन और डॉ. दीपक गंगवार सहित अन्य प्रॉक्टर्स, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।