विभाजन विभीषिका दिवस पर बंटवारे की काली यादें फिर हुईं ताजा, भाजपा ने मौन जुलूस निकालकर मृतकों को दी श्रद्धांजलि, सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने जानी विभाजन की पीड़ा
आगरा। आगरा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापित परिवारों के संघर्ष और उस दौर में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की ओर से नगर निगम परिसर से शहीद स्मारक, संजय प्लेस तक मौन जुलूस निकाला गया, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर में 800 से अधिक विद्यार्थियों ने विशेष कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन के मानवीय पक्ष को समझा।
भाजपा ने मौन जुलूस निकालकर दी श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम परिसर से शहीद स्मारक, संजय प्लेस तक मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, व्यापारी, अधिवक्ता और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रतिभागियों ने काले मास्क पहनकर और हाथों में विभाजन की त्रासदी से संबंधित तख्तियां लेकर मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने कहा कि भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों को हिंसा, अत्याचार, लूट और विस्थापन का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में परिवार अपने घर-बार और संपत्ति छोड़कर जान बचाने के लिए पलायन करने को मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की शुरुआत कर इस त्रासदी को झेलने वाले परिवारों और उनके रिश्तेदारों की पीड़ा को स्मरण करने तथा उन्हें सम्मान देने की पहल की है।
कार्यक्रम में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, विधायक चौधरी बाबूलाल, महापौर हेमलता दिवाकर, श्रीमती निर्मला दीक्षित, श्रीमती बीना लवानिया, हेमेंद्र शर्मा, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, अलौकिक उपाध्याय, मनवीर चौहान, नवीन गौतम, दीपू जादौन, राहुल सागर, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, विक्रांत तिवारी, विकास भारद्वाज, बॉबी लाले, शेरा भाई, अनुराग चतुर्वेदी, पूजा वाल्मीकि, दीपिका मित्तल, प्रवीणा राजावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
800 विद्यार्थियों ने जानी विभाजन की पीड़ा

सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अतिथिगण।
सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर में भी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक त्रासदी, विस्थापित परिवारों के संघर्ष और बलिदान के मानवीय पक्ष से परिचित कराना तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर अरव्या शुक्ला, हृदयांश यादव, शेयांश राठौड़ और नैतिक माहेश्वरी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के विषय पर विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज संवाद पत्रिका के संपादक एवं विद्यालय की प्रबंध समिति के संरक्षक विजय गोयल ने विद्यार्थियों को भारत विभाजन के ऐतिहासिक संदर्भ और उससे जुड़े मानवीय पक्ष की जानकारी दी। मुख्य वक्ता समाजसेवी पुष्कल गुप्ता ने कहा कि इतिहास की पीड़ादायक घटनाओं को याद रखना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत कर सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित चतुर्वेदी ने की। संचालन आगरा कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष आकाश राणा ने किया। इस अवसर पर महानगर से संबंधित पदाधिकारी राजदीप ग्रोवर और चंद्रजीत यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, प्रबंध समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विभाजन की पीड़ा झेलने वाले पंजाबी परिवारों को किया याद, मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पंजाबी परिवारों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते पंजाबी सभा आगरा महानगर के पदाधिकारी एवं सदस्य।
पंजाबी सभा आगरा महानगर की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मारुति एस्टेट स्थित मारुति रेजिडेंसी में विभाजन का दंश झेलने वाले पंजाबी परिवारों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पंजाबी सभा के मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल ने बताया कि विभाजन के दौरान पंजाबी समाज के हजारों लोग लाहौर, मुल्तान, रावलपिंडी, चन्योट, फतेहगढ़ सहित तत्कालीन हिंदुस्तान और वर्तमान पाकिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों से अपना सब कुछ छोड़कर खाली हाथ भारत आए थे। विस्थापन की पीड़ा झेलने के बावजूद उन्होंने मेहनत, ईमानदारी और पुरुषार्थ के बल पर अपने परिवारों को फिर से स्थापित किया।
कार्यक्रम में जगदीश बत्रा, विश्वनाथ जुनेजा, रोहित कत्याल, समर सिंह, अश्वनी खन्ना, रोहित वडेरा, मनोज बजाज, संजय बत्रा, निवेश अग्रवाल, मुकेश मित्तल, राजेश आनंद, अमित कौरा, दिलीप जैसवानी, नेहा बत्रा, कशिश खत्री, परी वाधवानी, टीना वर्मा और रीता अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।