दयालबाग में देशभक्ति का रंग, स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत; बच्चों से लेकर महिलाओं तक दिखा उत्साह

आगरा। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दयालबाग में देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह खेतों में संत सुपरमैन योजना के बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शुरू हुआ समारोह भण्डारा ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम तक पहुंचा, जहां विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और एक्शन प्रस्तुतियों से राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया। एस.एफ.जी. एवं आर.ए.एफ. के वालंटियर्स ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया, जबकि आर.ए.एफ. की महिला प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा और महिला सशक्तीकरण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

Aug 15, 2026 - 13:18
 0
दयालबाग में देशभक्ति का रंग, स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत; बच्चों से लेकर महिलाओं तक दिखा उत्साह
दयालबाग में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति के दौरान गुरु महाराज सतसंगी साहब, रानी साहिबा जी एवं उपस्थित सतसंगी।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दयालबाग में कार्यक्रम प्रस्तुत करते संत सुपरमैन योजना के बच्चे।

सुबह खेतों पर कार्य के बाद गुरु महाराज सतसंगी साहब एवं रानी साहिबा जी के भण्डारा ग्राउंड पहुंचने पर एस.एफ.जी. एवं आर.ए.एफ. के वालंटियरों ने संयुक्त रूप से गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

भण्डारा ग्राउंड में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ राधास्वामी सतसंग सभा एवं दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के अध्यक्ष प्रे.भा. गुर सरूप सूद, आई.डी.ए.एस. (सेवानिवृत्त) ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद पी.वी. एवं आर.ई.आई. के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान तथा ‘सुनो भाई एक गान हमारा’ झंडा-गान प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां

डी.ई.आई. आर.ई.आई. इंटरमीडिएट कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’ पर जोशपूर्ण एक्शन सॉन्ग प्रस्तुत किया। डी.ई.आई. पी.वी. प्राइमरी स्कूल एवं एक्सटेंडेड विंग के विद्यार्थियों ने रोलर स्केट्स पर ‘परचम लहरा दो अपना...’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों में उत्साह भर दिया।

डी.ई.आई. नर्सरी-कम-प्ले सेंटर के नन्हे बच्चों ने ‘चलो चलें, बढ़ते चलें—लेट्स मार्च फॉरवर्ड’ पर मनमोहक एक्शन सॉन्ग प्रस्तुत किया। डी.ई.आई. स्कूल ऑफ आर्ट एंड कल्चर के विद्यार्थियों ने ‘जयतु जयतु भारतम्’ पर देशभक्ति से ओत-प्रोत एक्शन डांस प्रस्तुत किया।

डी.ई.आई. स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के विद्यार्थियों ने तेलुगु एक्शन सॉन्ग के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना व्यक्त की। डी.ई.आई. राधास्वामी सरन आश्रम नगर स्कूल एवं डी.ई.आई. डेयरी बाग प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘चंदन है माटी मेरे देश की, चंदन है माटी दयालबाग की’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

प्रेम विद्यालय की छात्राओं ने भी मोहा मन

डी.ई.आई. प्रेम विद्यालय गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं ने ‘तेरे सर पे नीला गगन है, सौंधी माटी है, तेरे काँधे हरियाली चुनर सरसराती है’ पर सुंदर और प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं जेंडर फ्री सुपरह्यूमेन चिल्ड्रेन ने ‘हे भारत, हे भारत, तुझको नमन हमारा’ पर भावपूर्ण एक्शन सॉन्ग प्रस्तुत कर मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और प्रेम व्यक्त किया।

महिला प्रतिभागियों ने दिखाया आत्मरक्षा कौशल

समारोह में आर.ए.एफ. की महिला प्रतिभागियों ने महिला सशक्तीकरण के अंतर्गत आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी शक्ति, साहस, तत्परता और कुशलता का प्रभावशाली प्रदर्शन कर महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। समारोह के दौरान नर्सरी-कम-प्ले सेंटर तथा जेंडर फ्री सुपरह्यूमेन चिल्ड्रेन के बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष का विशेष संदर्भ

इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विशेष महत्व दिया गया है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को स्वर दिया था। दयालबाग के समारोह में भी राष्ट्रीय गीत की इस विरासत के साथ देश के प्रति कर्तव्य, अनुशासन, सेवा और उत्तरदायित्व के मूल्यों को प्रमुखता से सामने रखा गया।

दयालबाग का स्वतंत्रता दिवस समारोह बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विद्यार्थियों के अनुशासन, महिलाओं के आत्मरक्षा प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत रहा। पूरे आयोजन में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ देश के प्रति समर्पण और सेवा का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का सजीव प्रसारण देश एवं विदेश की लगभग 580 ब्रांचेज में किया गया, जिसके माध्यम से लाखों सतसंगी ऑनलाइन और ऑफलाइन इस राष्ट्रीय उत्सव से जुड़े।

इस अवसर पर गुरु महाराज सतसंगी साहब, रानी साहिबा जी की उपस्थिति से संपूर्ण कार्यक्रम और भी शोभायमान हो उठा। राधास्वामी सतसंग सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी, दयालबाग के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में सतसंगी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor