सफाई करते समय मौत ने दबोचा, आगरा के चित्राहाट क्षेत्र में मिट्टी का टीला गिरने से अधेड़ की मौत; पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

आगरा। थाना चित्राहाट क्षेत्र के गांव खिलावली प्रेम नगर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पशुओं के बाड़े में सफाई करते समय मिट्टी का एक टीला 48 वर्षीय संतोष के ऊपर गिर गया। मिट्टी में दबने से संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Aug 22, 2026 - 18:01
 0
सफाई करते समय मौत ने दबोचा, आगरा के चित्राहाट क्षेत्र में मिट्टी का टीला गिरने से अधेड़ की मौत; पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मिट्टी की ढाय के नीचे दबने से मृत संतोष का फाइल फोटो।

जानकारी के अनुसार, गांव खिलावली प्रेम नगर निवासी 48 वर्षीय संतोष शनिवार को अपने पशुओं के बाड़े में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर उनके ऊपर जा गिरा। संतोष मिट्टी में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तथा परिजन घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद संतोष को मलबे से बाहर निकाला गया। उनकी गंभीर हालत देखते हुए परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संतोष को मृत घोषित कर दिया।

संतोष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी उमा का रो-रोकर बुरा हाल है। संतोष के निधन के बाद उनके पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

सूचना मिलने पर थाना चित्राहाट पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने संतोष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor