कार्लसन को मात, भारत के प्रग्नानंद ने लास वेगास में रचा शतरंज का नया इतिहास
लास वेगास। यहां चल रहे फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर में भारत के 19 वर्षीय ग्रैंडमास्टर आर प्रग्नानंद ने दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को करारी शिकस्त देकर सनसनी मचा दी। यह मुकाबला ग्रुप स्टेज के चौथे राउंड में खेला गया, जहां प्रग्नानंद ने मात्र 39 चालों में पांच बार के विश्व चैंपियन को पराजित किया।
सिर्फ जीत नहीं, प्रभुत्व की शुरुआत
यह जीत किसी साधारण रणनीति का परिणाम नहीं थी, बल्कि एक ठोस मानसिक तैयारी और तेज़ सूझ-बूझ की मिसाल थी। 10 मिनट की मुख्य टाइमिंग और हर चाल पर 10 सेकंड की अतिरिक्त अवधि वाले इस फ्रीस्टाइल फॉर्मेट में प्रग्नानंद का नियंत्रण लाजवाब रहा।
शानदार प्रदर्शन से बनाए अंक और रैंकिंग
प्रग्नानंद अब व्हाइट ग्रुप में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और सिंडारोव के साथ 4.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। उन्होंने शुरुआत ड्रॉ से की, फिर लगातार तीन शानदार जीत दर्ज की, जिसमें कार्लसन की पराजय सबसे खास रही।
कार्लसन की लय टूटी, टॉप ब्रैकेट से बाहर
जहां एक ओर प्रज्ञानंद ग्रुप लीडर के रूप में आगे बढ़े, वहीं कार्लसन की रफ्तार बीच में ही धीमी हो गई। लगातार दो जीत के बाद वह न केवल प्रग्नानंद और वेस्ली सो से हार गए, बल्कि अरोनियन से प्लेऑफ भी गंवा बैठे। इस हार ने उन्हें टॉप ब्रैकेट की रेस से बाहर कर दिया।
क्वार्टर फाइनल की तैयारी, 2 लाख डॉलर दांव पर
अब कुल 16 खिलाड़ी नॉकआउट दौर में पहुंच चुके हैं। हिकारू नाकामुरा ने ब्लैक ग्रुप में 6 अंकों के साथ दबदबा कायम किया, वहीं फैबियानो कारूआना ने आखिरी राउंड में नीमन को हराकर अपनी जगह पक्की की। गुरुवार से क्वार्टर फाइनल शुरू होंगे, जहां हारने वाले नीचे के ब्रैकेट में पहुंचेंगे, जबकि विजेता सीधे 2 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि की दौड़ में रहेंगे।
शतरंज का नया चेहरा तेज, युवा और आक्रामक
यह टूर्नामेंट यूएस में फ्रीस्टाइल शतरंज की पहली पेशकश है और इसके साथ ही यह साबित हो चुका है कि शतरंज अब एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। पुराने दिग्गजों की चुनौती को युवा खिलाड़ी दमदार ढंग से स्वीकार कर रहे हैं।