पत्नी के मायके जाने से अवसादग्रस्त व्यक्ति ने दी जान, आगरा के पीलीपोखर में फांसी लगा ली

आगरा। पत्नी के नाराज होकर मायके चले जाने से अवसाद में आए एक व्यक्ति ने शनिवार को खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर क्षेत्र स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय उसकी बेटी ने समय रहते बचा लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Sep 13, 2025 - 19:08
 0
पत्नी के मायके जाने से अवसादग्रस्त व्यक्ति ने दी जान, आगरा के पीलीपोखर में फांसी लगा ली
फांसी लगाकर जान देने वाले विपिन का फाइल फोटो।

रुनकता रेलवे लाइन की शांति कॉलोनी का रहने वाला 40 वर्षीय विपिन पिछले दस साल से परिवार के साथ पीलीपोखर में रह रहा था। परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार वह आए दिन शराब पीकर झगड़ा करता था। इसी से परेशान होकर उसकी पत्नी चार दिन पहले मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से विपिन गहरे अवसाद में था।

शनिवार दोपहर उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। एक पड़ोसी ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई और शव को नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस को अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी विपिन ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस वक्त उसकी बेटी ने उसे समय रहते बचा लिया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor