धीरज जैन के नेत्रदान से दो जिंदगियों में होगा उजाला, निधन के बाद भी कायम रही मानव सेवा की मिसाल

आगरा। एंथला अपार्टमेंट, सेक्टर-12 निवासी श्रीमती धीरज जैन (71) के निधन के बाद उनके परिवार ने मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नेत्रदान कराया। स्वर्गीय विजय कुमार जैन की धर्मपत्नी धीरज जैन के निधन के बाद उनके सुपुत्र निदित जैन ने हेल्प आगरा संस्था के नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया। नेत्रदान के माध्यम से प्राप्त कॉर्निया से दो दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है।

Aug 18, 2026 - 18:57
 0
धीरज जैन के नेत्रदान से दो जिंदगियों में होगा उजाला, निधन के बाद भी कायम रही मानव सेवा की मिसाल
स्व. श्रीमती धीरज जैन।

श्रीमती धीरज जैन का रविवार को निधन हुआ। इसके बाद परिवार की सहमति से नेत्रदान की प्रक्रिया के लिए हेल्प आगरा को सूचना दी गई। संस्था के सहयोग से एसएन मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा और चिकित्सकों की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।

धीरज जैन के नेत्रदान से प्राप्त नेत्रों के माध्यम से दो अंधकारमय जिंदगियों में उजाला आने की संभावना है। परिवार के इस निर्णय ने निधन के बाद भी दूसरों के जीवन को रोशन करने का संदेश दिया है।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होती। सूचना मिलने पर चिकित्सकों की टीम स्वयं नेत्रदानी के पास पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करती है। नेत्रदान के इच्छुक लोग 9319111000 पर संपर्क कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor