दिग्विजय ने की संघ की तारीफ तो कांग्रेस में हुआ बवाल, गब्बर, अलकायदा से पार्टी ने कर दी तुलना

 कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की तरफ से संघ की तारीफ से कांग्रेस में हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय के बयान को दरकिनार कर संघ को खूब खरी-खोटी सुनाई जा रही है। पार्टी नेता सलमान खुर्शीद ने तो संघ की तुलना गब्बर डाकू से ही कर दी।  

Dec 28, 2025 - 18:53
 0
दिग्विजय ने की संघ की तारीफ तो कांग्रेस में हुआ बवाल, गब्बर, अलकायदा से पार्टी ने कर दी तुलना

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तारीफ में एक पोस्ट किया। दिग्विजय सिंह ने आरएसएस के संगठन की तारीफ की। वरिष्ठ नेता की इस टिप्पणी के बाद से कांग्रेस के भीतर ही जमकर विरोध हो रहा है। हालांकि, संघ की तारीफ के बाद दिग्विजय सिंह की तरफ से सफाई भी आ चुकी है लेकिन पार्टी के भीतर तूफान खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दिग्विजय के बयान से उलट संघ की आलोचना कर रहे हैं। कांग्रेस ने संघ की तुलना गोड़से के लिए जानी जाने वाली संस्था, आतंकी संगठन अल-कायदा और गब्बरर डाकू से की।

पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने संघ की तारीफ के दिग्विजय सिंह के रुख से अलग राय रखी है। सलमान खुर्शीद ने क्या कांग्रेस का संगठन भाजपा और आरएसएस जैसा होना चाहिए, इस पर अपना रुख स्पष्ट किया। खुर्शीद ने कहा कि एक डाकू भी ताकतवर होता है। तो, क्या आप अपने बच्चे से कहेंगे कि तुम भी डाकू बन जाओ।

खुर्शीद ने कहा कि क्या आपको शोले फिल्म याद है? जिसमें कहा गया था कि 'दूर दूर तक कभी कोई बच्चा रोता है तो उसकी मां कहती है कि चुप हो जा नहीं तो गब्बर आ जाएगा।' तो, क्या आप ऐसा समाज बनाना चाहते हैं जहां गब्बर के डर से आप बच्चों को रोने भी न दें? उन्होंने कहा कि हम उस तरह से खुद को मजबूत नहीं करना चाहते जिस तरह से आरएसएस मजबूत है।  
 
खुर्शीद ने कहा कि हम आरएसएस का विरोध करते हैं। दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी आरएसएस का विरोध करते हैं। आरएसएस की जगह हम एक ऐसा समाज और संगठन बनाना चाहते हैं जिसमें वे कमियां न हों जो हमें लगता है कि आरएसएस में हैं।

कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने दिग्विजय सिंह के आरएसएस की संगठनात्मक ताकत की तारीफ करने की आलोचना की है। उन्होंने इसे 'एक मशहूर सेल्फ-गोल' बताया। टैगोर ने आरएसएस की तुलना अल-कायदा से की, यह कहते हुए कि दोनों नफरत फैलाते हैं और इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी, अपने 140 साल के इतिहास के साथ, एकता और जन आंदोलन के लिए एक मॉडल होनी चाहिए, और इसके लिए उन्होंने महात्मा गांधी द्वारा पार्टी में किए गए बदलावों का उदाहरण दिया।

कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने भी संघ की तारीफ पर तीखी टिप्पणी की। पवन खेड़ा ने कहा कि आरएसएस से सीखने जैसा कुछ नहीं है। गोडसे के लिए जानी जाने वाली संस्था गांधी द्वारा स्थापित संस्था को क्या सिखा सकती है? पवन खेड़ा ने कांग्रेस को लेकर कहा कि पार्टी में संगठन के विकास की प्रक्रिया पूरे साल चल रही है। आप इसके नतीजे हर राज्य में देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभाग संगठन के विकास का काम कर रहे हैं। अगर कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जिंदगी देखेगा, तो उसे समझ आएगा कि इस पार्टी में क्या संभव है।