आगरा के औद्योगिक क्षेत्रों तक श्रमिकों की आवाजाही पर मंथन: सिटी बस सेवा शुरू कराने को नेशनल चैम्बर का प्रयास, जल्द सर्वे और संचालन का आश्वासन

आगरा में औद्योगिक इकाइयों तक श्रमिकों के सुगम आवागमन के लिए सिटी बस सेवा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र सर्वे कर बस संचालन शुरू करने का भरोसा दिया है।

Apr 9, 2026 - 19:42
 0
आगरा के औद्योगिक क्षेत्रों तक श्रमिकों की आवाजाही पर मंथन: सिटी बस सेवा शुरू कराने को नेशनल चैम्बर का प्रयास, जल्द सर्वे और संचालन का आश्वासन
नेशनल चैंबर सभागार में आगरा के औद्योगिक क्षेत्रों को सिटी बस सेवा से जोड़ने के मुद्दे पर हुई बैठक में मौजूद चैंबर के पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट प्लानर रिशु मुना व अन्य अधिकारी।

आगरा। शहर की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हजारों श्रमिकों की रोजमर्रा की आवागमन समस्या को लेकर नेशनल चैम्बर ने बड़ा मुद्दा उठाया है। चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ट्रांसपोर्ट प्लानर डीयूटी लखनऊ से रिशु मुना, सिटी बस के ऑपरेशनल मैनेजर सत्येन्द्र प्रताप सिंह और जूनियर स्टेशन इंचार्ज नीरज शर्मा के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष एवं नागरिक सुविधा, रोडवेज एवं ग्रीन गैस प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने किया। बैठक में एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता सहित जूता उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने भी भाग लिया।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि आगरा की औद्योगिक इकाइयों में टूंडला, खेरागढ़, फरह, किरावली, रोहता, शमशाबाद रोड और डौकी जैसे बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रमिक कार्य करने आते हैं। लेकिन सुलभ परिवहन व्यवस्था के अभाव में उन्हें टैम्पो और मयूरी जैसे साधनों से कई बार वाहन बदलकर कार्यस्थल तक पहुंचना पड़ता है, जिससे वे समय पर नहीं पहुंच पाते। इसका सीधा असर उद्योगों की उत्पादकता और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।

एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि आईएसबीटी फ्लाईओवर और भगवान टॉकीज फ्लाईओवर के नीचे अनाधिकृत बसों के खड़े रहने से अव्यवस्था बनी हुई है, जिसे भी व्यवस्थित किया जाना जरूरी है।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और एफमैक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने प्रस्ताव रखा कि प्रातः 7:30 बजे से टूंडला से रूनकता, खंदौली से रूनकता, शमशाबाद से बिचपुरी होते हुए वाया ईपीआईपी इंडस्ट्रियल पार्क तथा टेढ़ी बगिया से रूनकता तक तीन बसों का संचालन किया जाए। इसी प्रकार शाम 6:00 से 7:00 बजे के बीच श्रमिकों की वापसी के लिए बस सेवा संचालित की जाए।

इस प्रस्ताव पर ट्रांसपोर्ट प्लानर रिशु मुना और ऑपरेशनल मैनेजर सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र सर्वेक्षण कर बस संचालन शुरू करने का आश्वासन दिया।

पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि जल्द ही एक और बैठक आयोजित कर ट्रायल बेसिस पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा और समय सारिणी तय की जाएगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयों में कैंप लगाकर श्रमिकों को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे उनका आवागमन और अधिक आसान हो सके।

बैठक में उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, कैप्टन ए.एस. राना, दिनेश, ललित अरोरा, प्रदीप वासन, अनिरुद्ध तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor