जिला अस्पताल में एआरवी की किल्लत दूर, ट्रस्ट की पहल और विधायक की सक्रियता से मिलीं 15 हजार वायल

आगरा। जिला अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) की कमी की जानकारी सामने आने के बाद सत्यमेव जयते ट्रस्ट की पहल और उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की सक्रियता से स्वास्थ्य विभाग को 15 हजार वायल एआरवी उपलब्ध हो गई हैं। एआरवी की आपूर्ति होने से कुत्ते या अन्य जानवरों के काटने के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Aug 14, 2026 - 21:18
 0
जिला अस्पताल में एआरवी की किल्लत दूर, ट्रस्ट की पहल और विधायक की सक्रियता से मिलीं 15 हजार वायल

जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक की ओर से सत्यमेव जयते ट्रस्ट को 1000 वायल एआरवी उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया था। ट्रस्ट को मिले इस पत्र से जिला अस्पताल में एआरवी की कमी की जानकारी हुई। इसके बाद ट्रस्ट के पूर्व महामंत्री गौतम सेठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तरी विधानसभा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल से चर्चा की।

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने लखनऊ में शासन स्तर पर संपर्क किया। उन्होंने अधिकारियों को जिला अस्पताल में एआरवी की कमी और इसके कारण मरीजों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को शासन स्तर से 15 हजार वायल एआरवी उपलब्ध करा दी गईं।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार जिला अस्पताल में कुछ वर्ष पहले भी एआरवी की भारी कमी सामने आई थी। उस समय सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने अपने प्रयासों से 500-500 वायल की खेप में 15 से अधिक बार जिला अस्पताल को एआरवी उपलब्ध कराई थी। इससे बड़ी संख्या में मरीजों को उपचार में मदद मिली थी।

उस दौरान भी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के प्रयासों से शासन स्तर पर पैरवी की गई थी, जिसके बाद जिला अस्पताल में एआरवी की आपूर्ति सुचारू हो सकी थी। इस बार भी एआरवी की कमी की जानकारी सामने आने के बाद ट्रस्ट और विधायक की पहल से शासन स्तर पर कार्रवाई हुई और स्वास्थ्य विभाग को बड़ी मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध हो गई।

ट्रस्ट ने उम्मीद जताई कि 15 हजार वायल की उपलब्धता से जिला अस्पताल में एआरवी की तत्काल कमी दूर होगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor