डॊ. बबीता ने कहा- कस्तूरबा विद्यालय की तीनों शिक्षिकाओं को अलग करो

आगरा। सैंया के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में तीन शिक्षिकाओं की वजह से पढ़ाई का माहौल खत्म हो चुका है। तीनों ही शिक्षिकाएं एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही हैं। इस विद्यालय के कुछ वीडियो वायरल होने के बाद वहां जांच के लिए पहुंचीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान ने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि इन तीनों ही शिक्षिकाओं को अलग-अलग कर दिया जाए।

Feb 13, 2025 - 13:56
 0
डॊ. बबीता ने कहा- कस्तूरबा विद्यालय की तीनों शिक्षिकाओं को अलग करो
सैंया के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं से बातचीत करतीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान।

-सैंया के कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश

कस्तूरबा विद्यालय की एक छात्रा से मारपीट के वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष वहां पहुंचीं। पहले आठवीं की छात्राओं से बातचीत समस्याओं के बारे में जाना। छात्राओं से बातचीत में ही महिला आयोग की अध्यक्ष को पता चल गया कि विद्यालय की तीन शिक्षिकाओं की आपसी खींचतान की वजह से यहां का माहौल दूषित हुआ है।

डॊ. बबीता चौहान ने विद्यालय की शिक्षिका सपना शर्मा, सुमन और कृष्णा वर्मा से भी अलग-अलग बात की। इसमें निकलकर आया कि ये तीनों ही शिक्षिकाएं एक-दूसरे को नीचा दिखाने में पूरी ताकत खपा रही हैं। एक शिक्षिका पर आरोप लगा कि वे विद्यालय की छात्राओं से अपने पैर दबवाती हैं। एक शिक्षिका के समर्थन में गांव के कुछ लोग आ गए और कहने लगे कि अगर इन्हें यहां से हटाया गया तो वे अपने बच्चों को यहां नहीं पढ़ाएंगे। इस पर महिला आयोग अध्यक्ष ने समझ लिया कि यहां सब कुछ पूर्व नियोजित तरीके से कराया जा रहा है।

राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने निरीक्षण के बाद निष्कर्ष निकाला है कि इस विद्यालय का माहौल इन्हीं तीन शिक्षिकाओं की आपसी गुटबाजी के कारण दूषित हुआ है। उन्होंने सीडीओ और बीएसए से कहा है कि इन तीनों ही शिक्षिकाओं को अलग-अलग किया जाए ताकि आगे विद्यालय का माहौल और न बिगड़ सके।

विद्यालय में टीचर्स की गुटबाजी को छोड़ सब ठीक

कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान ने कहा कि तीन शिक्षिकाओं के गुटबाजी को छोड़ दें तो यहां सब कुछ ठीक है। विद्यालय में खाने की व्यवस्था भी ठीक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सबसे बड़ी प्रॊब्लम शिक्षिकाओं की गुटबाजी है। यह तो नहीं कह सकती कि यहां बच्चों को टारगेट बनाया जा रहा है या बच्चे टारगेट हो रहे हैं, पर इस सबके पीछे स्टाफ की आपसी खींचतान है। डॊ. बबीता ने तीनों शिक्षिकाओं को भी फटकारा और कहा कि बच्चों का भविष्य बिगाड़ा तो उनकी खैर नहीं। 

डॊ. बबीता ने छात्रा से कहा, तुम्हारी बहन बनूंगी पर....

आगरा। सैंया के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में एक छात्रा को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान ने ऐसा टास्क दे दिया है कि वह शायद अब पढ़ाई में जीतोड़ मेहनत करेगी।

हुआ यह कि डॊ. बबीता चौहान बीते कल जब इस विद्यालय का निरीक्षण कर रही थीं तो उनके पास पहुंची एक छात्रा ने कहा कि मेरी कोई बहन नहीं है। मैं आपको अपनी बहन बनाना चाहती हूं। क्या आप मेरी बहन बनेंगी। इस पर डॊ. बबीता ने छात्रा के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा कि हां, मैं तुम्हारी बहन बनूंगी, लेकिन मेरी भी एक शर्त है। पहले तुम स्कूल टॊप करो। जिस दिन टॊपर बन जाओगी, मैं तुम्हारी बहन बन जाऊंगी। यह बात सुनकर गदगद इस छात्रा ने वायदा किया कि वह टॊप करके दिखाएगी।

आधार सेवा केंद्र की गड़बड़ियां प्रशासन को नहीं दिखीं

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष खंदारी स्थित आधार सेवा केंद्र पर कल अचानक पहुंच गई थीं। वे कुछ महिलाओं द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर वहां यह देखने पहुंचीं थीं कि महिलाओं को क्या दिक्कत हो रही है, लेकिन वहां का हाल देखकर तो वे दंग रह गईं। अप्वाइंटमेंट के नाम पर खुली वसूली चल रही थी। यहां उन्हें सेंटर के मैनेजर को डांट लगाई और भविष्य में शिकायतें मिलने पर कठोर कार्रवाई की बात कही।

हैरानी की बात यह है कि आधार सेवा केंद्र और जन सेवा केंद्रों पर आम लोगों को खुलेआम लूटा जा रहा है और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लग रही। आधार सेवा केंद्र हो या फिर जगह-जगह खुले जन सेवा केंद्र, हर जगह छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों से जमकर अवैध वसूली हो रही है। लोग परेशान हैं। जो राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष को दिख गया, वह आगरा के प्रशासनिक अधिकारियों को नहीं दिख रहा।

SP_Singh AURGURU Editor