आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, एक यात्री की मौत, दो दर्जन घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार देर रात करीब दो बजे कानपुर से गुड़गांव जा रही शताब्दी ट्रैवल्स की डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक यात्री राहुल यादव की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए। दो गंभीर घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। एक घायल का पैर कटकर अलग हो गया। पुलिस और यूपीईडा की टीम ने क्रेन की मदद से बस के नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया।

Aug 17, 2026 - 14:47
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, एक यात्री की मौत, दो दर्जन घायल
दुर्घटनाग्रस्त बस।

ड्राइवर को झपकी आने से बेकाबू हुई बस, डिवाइडर से टकराकर पलटी, बस में सवार यात्रियों में मची चीख-पुकार, दो गंभीर घायल आगरा रेफर

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात करीब दो बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। बस कानपुर से यात्रियों को लेकर गुड़गांव जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस नियंत्रण से बाहर हुई और पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई।

हादसा फतेहाबाद थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 29 किलोमीटर दूर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सो रहे यात्रियों को अचानक जोरदार झटका लगा और देखते ही देखते कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। कुछ यात्री बस के नीचे दब गए।

शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में फतेहाबाद पुलिस, यूपीईडा की टीम और 108 व 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव दल ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। बस के पलटने के कारण दो यात्री उसके नीचे फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों गंभीर घायलों को बाहर निकाला गया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

इलाज के दौरान एक यात्री ने तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायलों में कानपुर नगर के जगदीशपुर निवासी 30 वर्षीय राहुल यादव पुत्र जयनारायण भी शामिल थे। उपचार के दौरान राहुल यादव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कानपुर देहात के नरवल थाना क्षेत्र निवासी करीब 40 वर्षीय श्यामनल पुत्र कल्लू सिंह हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए। उनका बायां पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें भी गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बस का परिचालक भोले सिंह (25) निवासी नगीना बागरा, कानपुर देहात भी घायल हुआ है।

सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराए गए घायल

हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें अनुराग द्विवेदी (30), निवासी पनकी कानपुर, अजय सिंह (25) निवासी औरैया, विवेक सिंह (24) निवासी कानपुर देहात, अरविंद (49), आदित्य (32), प्रशांत (33), दीपक (26), गुलफशा (36) निवासी रावतपुर कानपुर, नंदन (33) निवासी फतेहाबाद आगरा, सरवन (48) निवासी पनकी कानपुर, नेहा (23) निवासी बड़ा शाहपुर गुरुग्राम, बबलू (28) निवासी वर्रा कानपुर, देवेश (23) निवासी कामादेव कानपुर, राहुल (32) निवासी घंटाघर कानपुर और आदित्य प्रजापति (36) पुत्र रमेशचंद्र प्रजापति निवासी सुरेंद्रनगर, थाना रावतपुर कानपुर शामिल हैं। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिली। मामूली चोट वाले कुछ यात्री इलाज के बाद दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य गुड़गांव के लिए रवाना हो गए, जबकि गंभीर घायलों का उपचार जारी है।

करीब एक किलोमीटर लंबा लगा जाम

बस के एक्सप्रेसवे पर पलटने के बाद दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीर और वाहन चालक काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने का इंतजार करते रहे। पुलिस और यूपीईडा की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।

पुलिस ने शुरू की जांच

फतेहाबाद थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में एक यात्री की मौत हुई है, जबकि दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।