आगरा के पुरामना में डबल मर्डर: बंधे मिले दो युवकों के शव, सिर पर धारदार वार के निशान

आगरा। जिले के किरावली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। गांव पुरामना के पास नहर किनारे दो युवकों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान मिले हैं, जिससे उनकी हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। शवों के पास शराब पीने के सामान मिलने से पुलिस सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रही है।

Jul 14, 2025 - 11:54
Jul 14, 2025 - 12:40
 0
आगरा के पुरामना में डबल मर्डर: बंधे मिले दो युवकों के शव, सिर पर धारदार वार के निशान
आगरा के किरावली थानांतर्गत पुरामना गांव में आज सुबह मिले दो युवकों के शव और मौके पर जांच करती पुलिस।

सुबह-सुबह दिखा खौफनाक मंजर, ग्रामीणों में दहशत

सोमवार की सुबह जब ग्रामीण नहर किनारे टहलने निकले, तो खून से सने दो शव देख उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान नेत्रपाल पुत्र चंद्रभान (उम्र 38 वर्ष) और कृष्ण पाल उर्फ केपी पुत्र लालाराम, दोनों निवासी अरदाया, थाना अछनेरा, के रूप में की।

हाथ-पैर बंधे हुए थे, सिर पर चोट के निशान से हत्या की पुष्टि

पुलिस को मृतक नेत्रपाल के हाथ-पैर बंधे मिले, जबकि दोनों शवों के सिर पर गंभीर वार के निशान थे। शवों के पास गुटखा, डिस्पोजल ग्लास, पानी के पाउच और शराब से जुड़े अन्य सामान मिलने से प्रथम दृष्टया शराब पिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक रविवार शाम घर से एक साथ निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि दोनों युवकों एक बार रात को घर आ गए थे। इसके बाद रात दस बजे इन्हें फिर से बुलाया गया और फिर दोनों की हत्या को अंजाम दिया गया। 

शवों को रखकर परिजनों ने किया जाम, पुलिस को घेरा

घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर कोहराम मचा दिया। जब पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी, तभी आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस से तुरंत कार्रवाई और खुलासे की मांग की।
काफी मान-मनौव्वल और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

फॉरेंसिक टीम मौके पर, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और दोनों युवकों की गतिविधियों और संपर्कों को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की वजह और समय को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही हत्यारों को बेनकाब कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor