डॉ. सुशील गुप्ता को ‘हेमोत्सव 2025’ में नैतिक शिक्षा हेतु विशिष्ट सम्मान
आगरा। नैतिक मूल्यों को छात्रों में विकसित करने की दिशा में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता को हेमा फाउंडेशन द्वारा मानव मूल्यों को आवाज़ देने हेतु विशिष्ट सम्मान से नवाज़ा गया। यह सम्मान उन्हें 28 जून, 2025 को मुंबई में आयोजित हेमोत्सव 2025 के वार्षिक पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया।
डॉ. सुशील गुप्ता को यह सम्मान स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज के करकमलों से प्राप्त हुआ। समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, फिल्म अभिनेता मनोज जोशी, हास्य अभिनेता राजपाल यादव, एवं हेमा फाउंडेशन के ट्रस्टी महेंद्र काबरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह सम्मान डॉ. गुप्ता को उनके विद्यालय में नैतिक शिक्षा एवं जीवन मूल्यों को पाठ्यचर्या में समाहित कर विद्यार्थियों को संस्कारित करने की पहल के लिए दिया गया। इस प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मनोवैज्ञानिक एवं हेमा फाउंडेशन की ट्रस्टी डॉ. चीनू अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है, जो इस अभियान की प्रमुख अनुसंधानकर्ता भी हैं।