सपनों का घर बना नर्क, पति और ससुराल पर विवाहिता ने लगाए हैरान करने वाले आरोप

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र की एक विवाहिता की दास्तां किसी दर्दनाक फिल्म की कहानी जैसी है। जिस घर को उसने अपने सपनों का संसार समझा, वहीं उसके जीवन की सबसे भयावह कहानी लिखी गई। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, विवाहेतर संबंध और जान से मारने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

Nov 10, 2025 - 11:20
 0
सपनों का घर बना नर्क, पति और ससुराल पर विवाहिता ने लगाए हैरान करने वाले आरोप
इमेज फोटो

बारिश देखते ही उतार देता कपड़े, दीवार में सिर मारता है पति, विवाहिता ने लगाए दहेज और हत्या के प्रयास के आरोप

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र की एक विवाहिता की दास्तां किसी दर्दनाक फिल्म की कहानी जैसी है। जिस घर को उसने अपने सपनों का संसार समझा, वहीं उसके जीवन की सबसे भयावह कहानी लिखी गई। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, विवाहेतर संबंध और जान से मारने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

विवाहिता का कहना है कि उसका पति मानसिक रूप से अस्थिर व्यवहार करता है। कभी दीवार में सिर मारता है, तो कभी सबके सामने कपड़े उतार देता है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ महीनों बाद बदल गया माहौल

पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 29 अप्रैल 2025 को हुआ था। शादी में परिजनों ने अपनी सामर्थ्य से अधिक दहेज दिया था, लेकिन कुछ ही महीनों बाद ससुराल पक्ष ने ₹2 लाख अतिरिक्त की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा, मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से।

पति पर जेठानी संग अवैध संबंध का आरोप

विवाहिता के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को उसने अपने पति को जेठानी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जब उसने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और मुंह पर तकिया रखकर उसकी हत्या का प्रयास किया।

बारिश या तूफान देखते ही उतार देता कपड़े

पीड़िता ने पति के विचित्र व्यवहार का भी उल्लेख किया है। उसने कहा कि “जैसे ही बारिश या तूफान आता है, पति विचलित हो जाते हैं, दीवार में सिर मारते हैं और सबके सामने कपड़े उतार देते हैं। मैं डर के साये में जी रही थी।”

घर से निकाल दिया, अब न्याय की गुहार

विवाहिता ने बताया कि 03 अगस्त 2025 को ₹2 लाख की अतिरिक्त दहेज मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह सिर्फ पहने हुए कपड़ों में ही घर से बाहर आई और अब न्याय के लिए थाने के चक्कर लगा रही है।

नामजद अभियुक्त

शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें पति जितेन्द्र उर्फ जीतू उर्फ नीतू, जेठानी, ससुर बाबूलाल और सास पूरन देवी शामिल हैं। 

पुलिस की कार्रवाई

थाना सिकंदरा पुलिस ने मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक को सौंपी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोप गंभीर और संवेदनशील हैं। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्या कहा पीड़िता ने

पति का व्यवहार असामान्य है। तूफान या बारिश आते ही वो अजीब हरकतें करने लगता है। दीवार में सिर मारता है और कपड़े उतार देता है। कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई।