डीएम के सख्त निर्देशों पर चला ड्रोन एक्शन, आगरा में अवैध खनन के खिलाफ 24 घंटे का अभियान
आगरा। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद आगरा में अवैध खनन के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। खेरागढ़ तहसील के संवेदनशील एवं पहाड़ी क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन से निगरानी कराई गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को चिन्हित किया जा सके।

ड्रोन सर्वे के दौरान बसई जगनेर, कुल्हड़ा एवं पीपरैठा क्षेत्र की पहाड़ियों की गहन निगरानी की गई। जांच टीम की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश की सीमा में किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं पाया गया, जो जिला प्रशासन की सख्त निगरानी और प्रभावी नियंत्रण को दर्शाता है। हालांकि, ड्रोन कैमरों में राजस्थान की सीमा की ओर खनन गतिविधियां होते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दीं, जिसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को भेजी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा 24 घंटे तक लगातार अभियान चलाते हुए अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त कुल 7 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान थाना जगनेर एवं थाना अछनेरा क्षेत्र से 2 वाहनों को पकड़ा गया, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा एत्मादपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन में प्रयुक्त 1 भारी मशीन एवं 1 डंपर को मौके से सीज किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित निगरानी, ड्रोन सर्वे और संयुक्त जांच अभियान लगातार जारी रखे जाएं, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।