आठवें दिन हरे वस्त्र और बैंगनी पुष्प श्रृंगार किया गया श्री वरद वल्लभा महागणपति का
आगरा। छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में बुधवार को 11 दिवसीय गणेश महोत्सव के आठवें दिन गणपति बप्पा का श्रृंगार अद्भुत छटा बिखेरता नजर आया। हरे वस्त्रों, स्वर्ण आभूषणों और बैंगनी पुष्पमालाओं से अलंकृत वरद वल्लभा गणपति जब सुगंधित फूल बंगले में विराजमान हुए तो श्रद्धालुओं के मन आनंद और भक्ति से भर उठे।
मंदिर संस्थापक हरिमोहन गर्ग (एनआरएल ग्रुप) ने बताया कि आठवें दिन विशेष रूप से हरे और बैंगनी रंग का श्रृंगार किया गया। हरे वस्त्रों पर स्वर्णाभूषणों की झिलमिल और बैंगनी ऑर्किड पुष्पमालाओं की मनमोहक छटा ने गणपति बप्पा को स्वर्गीय आभा प्रदान की।
भक्तों ने गगनभेदी “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के बीच आरती की और भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संपूर्ण मंदिर प्रांगण में पुष्पों की सुगंध और घंटियों की गूंज ने आस्था का अद्भुत संगम रचा।
श्रद्धालु अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरे वस्त्र और बैंगनी पुष्पों से सजे बप्पा के दर्शन मन को ठंडी छांव की तरह शांति दे रहे हैं। यह श्रृंगार जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भर देता है।
युवा भक्त विकास शर्मा ने भावविभोर होकर कहा कि आज का श्रृंगार अद्भुत है, ऐसा लग रहा है जैसे गणपति बप्पा साक्षात हमारे सामने विराजमान होकर आशीर्वाद दे रहे हैं।
मंदिर प्रांगण में प्रसाद वितरण के साथ-साथ कीर्तन और भजनों की गूंज देर रात तक चलती रही।