आगरा के अरसेना में विद्युत प्रवर्तन टीम पर लाठी-डंडों से हमला, कर्मियों ने भागकर बचाई जान
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के गांव अरसेना में गुरुवार को बड़ी घटना सामने आई, जब विद्युत चोरी पकड़ने पहुंची प्रवर्तन दल टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पोल से कटिया डालकर चोरी पकड़े जाने पर आरोपी बौखला गए और दर्जनों लोग टीम पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से टीम के सदस्य जान बचाकर खेतों की ओर भागे, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
रुनकता। थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव अरसेना में गुरुवार सुबह करीब पौने आठ बजे प्रवर्तन दल की विद्युत चेकिंग टीम पर दर्जनों लोगों ने हमला कर दिया। टीम बिजली चोरी पकड़ने गई थी, तभी ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से घेर लिया। अफरातफरी के बीच कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए।
घटना के समय रुनकता सब-स्टेशन के अवर अभियंता कुलदीप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल आगरा के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी योगेश कुमार, ब्रजेश कुमार, टीजी-2 अनुज दीक्षित, चंद्रप्रकाश, संविदा कर्मी ऋतिक, नीरज, वीरपाल, अखिलेश, रविन्द्र और महिला आरक्षी रितु मिश्रा आदि मौजूद थे।
टीम ने जांच के दौरान देखा कि सतीश चंद्र पुत्र कमल और चंद्रप्रकाश पुत्र कमल ने पोल से सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी कर रखी थी। जब विभागीय कार्रवाई शुरू हुई, तो दोनों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते जितेंद्र पुत्र सतीश चंद, वासुदेव पुत्र पूरन सहित 15–20 अज्ञात लोग इकट्ठा हो गए। सभी ने टीम पर अचानक हमला बोल दिया।
लाठी-डंडों से लैस हमलावरों को देखकर कर्मचारी घबरा गए। महिला आरक्षी रितु मिश्रा ने तुरंत 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस पहुंचते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
अवर अभियंता कुलदीप सिंह की तहरीर पर थाना सिकंदरा में हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं बिजली चोरी के आरोप में सतीश चंद्र और चंद्रप्रकाश के खिलाफ धारा 135 के तहत एंटी पावर थाना कमला नगर में अलग प्रकरण पंजीकृत किया गया है।