बसंत की उमंग और खेलों का संगमः दयालबाग में बसंत स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं
आगरा। दयालबाग में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जनवरी से 23 जनवरी तक विविध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला की एक प्रमुख कड़ी के रूप में 21 जनवरी की दोपहर बसंत स्पोर्ट्स 2026 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों, युवाओं, युवतियों एवं विभिन्न मोहल्लों के निवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

बसंत स्पोर्ट्रस 2026 का अवलोकन करते गुरु महाराज प्रो. प्रेम सरन सतसंगी और रानी साहिबा।
इस विशाल आयोजन को देखने के लिए सैकड़ों दर्शक मैदान में उपस्थित रहे, वहीं दयालबाग ई-सत्संग कैस्कैड के माध्यम से इसका सीधा प्रसारण देश-विदेश में बसे सत्संगियों ने भी बड़े हर्ष के साथ देखा। जानकारी के अनुसार यह सजीव प्रसारण देश-विदेश के लगभग 580 केंद्रों पर किया गया, जिससे लाखों सत्संगी भाई-बहन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से इस आनंदमय आयोजन से जुड़े।
गुरु महाराज का आगमन, गार्ड ऑफ ऑनर

ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते दयालबाग के प्रेसिडेंट गुरु स्वरूप सूद।
गुरु महाराज के आगमन पर उन्हें श्रद्धापूर्वक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में दयालबाग के प्रेसिडेंट श्री गुर स्वरूप सूद ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। प्रार्थना के साथ आयोजन की शुरुआत हुई।
भव्य मार्चपास्ट और कैटल ग्रुप रहा आकर्षण
कार्यक्रम में सबसे पहले 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का अनुशासित एवं भव्य मार्चपास्ट हुआ। मार्चपास्ट का विशेष आकर्षण कैटल ग्रुप रहा, जिसमें 10 ऊंट, 52 बकरियां और भोलू भैंसा अपनी गाड़ी सहित शामिल थे। मार्चपास्ट के दौरान आदरणीय प्रेसिडेंट साहब को सलामी दी गई, जिसे दर्शकों ने तालियों से सराहा।
रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं
बसंत स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत विभिन्न वर्गों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन, सब-जूनियर (9–12 वर्ष), जूनियर (12–15 वर्ष), सीनियर (15–18 वर्ष), 18–22 वर्ष वर्ग, मोहल्ला पंच–सरपंच एवं दयालबाग सुरक्षा गार्ड, तथा आगरा की तीन सत्संग ब्रांच और दयालबाग के भाई साहबानों की रस्साकशी प्रतियोगिता शामिल रही।
इस वर्ष का मुख्य आकर्षण जेंडर-फ्री सुपर ह्यूमेन चिल्ड्रेन वर्ग के फेस वन एवं फेस टू के अंतर्गत आयोजित एनीमल रेस और बॉल बैलेंसिंग रेस रहीं, जिनमें नन्हे-मुन्ने बच्चों के अद्भुत प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष स्वामी बाग के युवा लड़के-लड़कियों ने भी अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया।
विजेताओं को मिला सम्मान
विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रेसिडेंट श्री गुर स्वरूप सूद द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं के नाम इस प्रकार रहे-
सब-जूनियर वर्ग में लड़कों में स्वेत नगर के अगम और लड़कियों में कार्यवीर नगर की मानवी चैंपियन रहीं।
जूनियर वर्ग में लड़कों में कार्यवीर नगर के परम आरत तथा लड़कियों में विद्युत नगर की अनन्या गर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग में लड़कों में स्वेत नगर के प्रेम प्रसाद और लड़कियों में कार्यवीर नगर की कनक को चैंपियन घोषित किया गया।
पीटी प्रदर्शन के साथ समापन

पुरस्कार वितरण के पश्चात दयालबाग के नियमित पी.टी. प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित और ऊर्जावान प्रदर्शन ने सभी को रोमांचित कर दिया। अंत में परम पिता के चरणों में शुकराने और प्रार्थना के साथ यह भव्य आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
बसंत स्पोर्ट्स 2026 न केवल एक खेल आयोजन रहा, बल्कि इसने दयालबाग की सामूहिकता, अनुशासन, उत्कृष्टता और आध्यात्मिक मूल्यों को भी सशक्त रूप से उजागर किया। यह आयोजन प्रतिभागियों, आयोजकों और दर्शकों, सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनकर स्मृतियों में दर्ज हो गया।