11 माह की मासूम को यमुना में फेंकने वाला पिता अब भी बेटी को ‘अपनी’ मानने से इनकार कर रहा, पत्नी के चरित्र पर शक था, मासूम का अभी तक कोई सुराग नहीं

-गौरव प्रताप सिंह- आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में 11 माह की मासूम बेटी को यमुना में फेंकने के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाली वजह सामने आई है। आरोपी पिता रिंकू अपनी पत्नी लक्ष्मी के चरित्र पर शक करता था और उसे विश्वास नहीं था कि 11 माह की बच्ची उसकी अपनी बेटी है। इसी शक और पत्नी से चल रहे विवाद के बीच उसने मासूम को यमुना में फेंक दिया। इसके बाद पत्नी को भी पुल से धक्का देकर मारने की कोशिश की, लेकिन लक्ष्मी के शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने उसे बचा लिया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस यमुना में बच्ची की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक 11 माह की मासूम का कोई सुराग नहीं मिला है।

Aug 16, 2026 - 20:41
 0
11 माह की मासूम को यमुना में फेंकने वाला पिता अब भी बेटी को ‘अपनी’ मानने से इनकार कर रहा, पत्नी के चरित्र पर शक था, मासूम का अभी तक कोई सुराग नहीं
अकबरा स्थित यमुना पुल से मासूम बच्ची को यमुना में फेंकने की घटना के बाद आरोपी को पकड़कर पीटते लोग।

बल्देव के बादमगढ़ी का निवासी रिंकू शुक्रवार को पत्नी लक्ष्मी और 11 माह की बेटी के साथ बाइक से आगरा आया था। उसने पत्नी से कहा था कि बच्ची के लिए कपड़े खरीदने हैं। इसी बहाने वह उन्हें लेकर सिकंदरा के अकबरा पुल पर पहुंचा। यहां सेल्फी के बहाने उसने पत्नी से बच्ची को लिया। बच्ची के साथ सेल्फी ली और फिर यमुना में फेंक दिया।

बेटी को नदी में फेंकने के बाद उसने पत्नी लक्ष्मी को भी धक्का देकर यमुना में गिराने की कोशिश की। लक्ष्मी के शोर मचाने पर पुल पर मौजूद लोगों को घटना का पता चल गया। भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पत्नी के चरित्र पर करता था शक, बच्ची को नहीं मानता था अपना

लक्ष्मी का आरोप है कि पिछले छह-सात महीने से उसका पति के साथ विवाद चल रहा था। उसने बताया कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। विवाद के कारण वह करीब छह महीने तक मायके में रही और लगभग 20 दिन पहले ही ससुराल वापस आई थी।

लक्ष्मी के मुताबिक, रिंकू बेटी के जन्म से ही खुश नहीं था। बाद में उसने उसके चरित्र पर शक करना शुरू कर दिया और बच्ची को अपनी बेटी मानने से भी इनकार करने लगा। इसी शक के कारण पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ता गया।

बेटी के जन्मदिन से एक दिन पहले मौत की साजिश

लक्ष्मी ने बताया कि 17 अगस्त को बच्ची का जन्मदिन था। इसी वजह से रिंकू ने बच्ची के लिए कपड़े खरीदने की बात कही थी। परिवार को यह अंदाजा नहीं था कि कपड़े खरीदने के बहाने वह बेटी को लेकर ऐसा खौफनाक कदम उठाने की योजना बना चुका है।

सिकंदरा के अकबरा पुल पर पहुंचकर उसने फोटो खींचने का बहाना बनाया और पत्नी से बच्ची को लेकर यमुना में फेंक दिया। इसके बाद पत्नी को भी मारने की कोशिश की। लक्ष्मी के शोर और लोगों के मौके पर पहुंच जाने से उसकी जान बच गई।

यमुना में मासूम की तलाश जारी, अभी तक नहीं मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस ने यमुना में बच्ची की तलाश शुरू कराई। पुलिस की टीमें नदी में मासूम को खोज रही हैं, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया है। मासूम के नहीं मिलने से परिवार और आसपास के लोगों में चिंता और आक्रोश बना हुआ है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी आरोपी मासूम बच्ची को अपना मानने से इनकार करता रहा।

घटना का वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में भी तीखी प्रतिक्रिया है। एक पिता द्वारा अपनी ही 11 माह की बेटी को पत्नी के चरित्र पर शक के आधार पर यमुना में फेंकने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।

पुलिस आरोपी रिंकू को हिरासत में लेकर घटना के पीछे की पूरी साजिश और पत्नी के साथ उसके लंबे समय से चल रहे विवाद की भी जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि यमुना में फेंकी गई 11 माह की मासूम कहां है और क्या उसका पता लगाया जा सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor