माध्यमिक शिक्षक संघ का 57वां राज्य सम्मेलन आगरा में
आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का 57वां राज्य सम्मेलन आगरा में होने जा रहा है। आगरा में यह सम्मेलन मुफीद ए आम इंटर कालेज परिसर में होगा। इसकी तिथि भी जल्द ही घोषित कर दी जाएगी। आगरा में इसकी व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा को सम्मेलन के संयोजक का दायित्व दिया गया है।
-मुफीद ए आम इंटर कालेज में होगा आयोजन, मुकेश शर्मा संयोजक बनाए गए, कार्यालय खोला गया, तिथि की घोषणा जल्द
तैयारियों के क्रम में शहर में यमुना किनारा मार्ग स्थित महर्षि परशुराम इंटर कालेज में संघ के राज्य सम्मेलन के लिए कार्यालय स्थापित हो गया है। मंगलवार को संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा और डॊ. अनिल वशिष्ठ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सम्मेलन कार्यालय का उद्घाटन किया। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन मुकेश शर्मा, उत्तम कुमार शर्मा, अजय शर्मा, भीष्मभद्र लवानियां और डॊ. अनिल वशिष्ठ ने किया।
इससे पहले हुई संघ की बैठक में प्रांतीय कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा को 57वें राज्य सम्मेलन के लिए संयोजक नियुक्त किया गया। डा. अनिल वशिष्ठ को राज्य सम्मेलन की मैग्जीन (स्मारिका) के मुख्य संपादक का दायित्व दिया गया। इसके साथ ही सम्मेलन की सफलता के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर संयोजकों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गईं।
जिलाध्यक्ष विशाल आनंद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रामजी मोहन, विमल शर्मा, प्रभात समाधिया, जितेंद्र शर्मा, परवेज कुरैशी, शाहतोष गौतम, सौरभ गुप्ता, अरविंद शर्मा, सर्वेश तिवारी और सुधीर जैन ने सम्मेलन की सफलता के लिए विभिन्न सुझाव दिए। वक्ताओं ने कहा कि इस सम्मेलन से प्रदेश भर के शिक्षकों को एकजुट करने और उनके हितों की दिशा में ठोस कदम उठाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक का संचालन मंडलीय मंत्री अजय शर्मा ने किया जबकि व्यवस्थाएं जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने संभालीं।