पहले प्रेम जाल, फिर धोखा, शादीशुदा निकला प्रेमी, युवती ने दी जान

आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और लगातार धमकियों से परेशान एक युवती ने आत्महत्या कर ली। आरोपी युवक पहले से शादीशुदा निकला। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और युवती के मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Feb 1, 2026 - 21:26
 0
पहले प्रेम जाल, फिर धोखा, शादीशुदा निकला प्रेमी, युवती ने दी जान
शव पर विलाप करते परिजन।

आगरा। आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में एक युवती की आत्महत्या ने रिश्तों में विश्वासघात और मानसिक उत्पीड़न की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। आरोप है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर उसे धमकियों के साए में जीने को मजबूर कर दिया। अंततः मानसिक दबाव और टूटे भरोसे से आहत होकर युवती ने आत्महत्या कर ली।

पीड़ित परिवार द्वारा थाना छत्ता में दी गई तहरीर के अनुसार, आलमबाग, लखनऊ निवासी अमन जोशी ने मोबाइल फोन के जरिए युवती से संपर्क किया। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। आरोप है कि आरोपी ने कई बार शादी का आश्वासन देकर युवती से उसकी इच्छा के विरुद्ध अवैध संबंध बनाए।

परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद युवती को पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है। जब उसने इस पर सवाल उठाते हुए शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और उसे धमकाने लगा। आरोप है कि अमन जोशी ने खुद को पुलिस के उच्च अधिकारियों से जुड़ा बताते हुए युवती को डराया और कहा कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

परिवार के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच आरोपी ने फोन पर युवती को एक बार फिर धमकी दी और शादी से साफ इनकार कर दिया। इस बातचीत के बाद युवती गहरे सदमे में चली गई और उसी दिन आत्महत्या कर ली।

पीड़ित परिवार ने बताया कि युवती का मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में है, जिसमें आरोपी से हुई बातचीत, कॉल डिटेल्स और अन्य अहम डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। मृतका के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की सच्चाई और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।