ड्राइवर की गिरफ्तारी होने पर कर्मचारियों ने चंबल में स्टीमर का संचालन रोक दिया, छह घंटे तक ठप रहा यूपी-एमपी के बीच आवागमन, सैकड़ों लोग परेशान रहे

आगरा। उत्तर प्रदेश–मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित चंबल नदी में रविवार को उस समय समस्या पैदा हो गई, जब स्टीमर के चालक की गिरफ्तारी के विरोध में कर्मचारियों ने स्टीमर का संचालन ठप कर दिया। यह पूरा मामला पिनाहट चंबल घाट से जुड़ा है, जहां करीब छह घंटे तक स्टीमर बंद रहने से दोनों राज्यों के सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Dec 22, 2025 - 16:35
Dec 22, 2025 - 16:36
 0
ड्राइवर की गिरफ्तारी होने पर कर्मचारियों ने चंबल में स्टीमर का संचालन रोक दिया, छह घंटे तक ठप रहा यूपी-एमपी के बीच आवागमन, सैकड़ों लोग परेशान रहे
पिनाहट घाट पर स्टीमर का संचालन रुकने पर फंसे यात्री।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टीमर पर कथित रूप से यूरिया निकालने के मामले में चालक को मध्य प्रदेश की महुआ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। चालक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही स्टीमर कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तत्काल संचालन बंद कर दिया। इसके चलते चंबल नदी के दोनों किनारों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं।

करीब छह घंटे तक स्टीमर का संचालन बंद रहने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर यात्री फंसे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़ बढ़ने के कारण चंबल घाट क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बन गई और यात्रियों में नाराजगी देखी गई।

बताया गया कि चालक को छोड़े जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में स्टीमर का संचालन पुनः शुरू कराया गया। इसके बाद जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिनाहट चंबल घाट पर स्टीमर ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। ऐसे में संचालन ठप होने से रोजमर्रा के यात्रियों, मजदूरों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्टीमर संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor