आगरा के आनंदी भैरों-गिजौली के बीच 147 करोड़ के यमुना पुल का शिलान्यास, एत्मादपुर की विकास यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार, गांवों के लिए खुलेगा सीधा संपर्क
आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के डेरा बंजारा (गिजौली) और आनंदी भैरों के बीच यमुना नदी पर बनने वाले 147 करोड़ रुपये की लागत के नव दीर्घ सेतु का शिलान्यास मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रो. बघेल और एत्मादपुर के विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा निर्मित होने वाला यह पुल क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों के लिए आगरा शहर तक आवागमन को आसान बनाएगा और एत्मादपुर क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में भारत सरकार के राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क एवं पुल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। यमुना नदी पर बनने वाला यह नया सेतु क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. धर्मवीर प्रजापति भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में लाना है। यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात है।
एत्मादपुर के विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस पुल के लिए लम्बे समय से प्रयास किए जा रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुल निर्माण की अनुमति देकर एत्मादपुर क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात दी है। इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने दोहराया कि एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास ही हमारा संकल्प है।
समारोह में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के हजारों नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी बाबूलाल लंबरदार ने की।
वक्ताओं ने कहा कि 147 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा कराया जाएगा। पुल के निर्माण के बाद एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों को आगरा शहर तक पहुंचने में कम समय लगेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा।
समारोह में उपस्थित क्षेत्रीय जनता ने अतिथियों का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। जनप्रतिनिधियों ने स्वागत के लिए क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए इसी प्रकार जनहित की योजनाओं को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।