46 साल बाद फिर सजी दोस्ती की महफिल, सेंट जॉन्स कॉलेज 77-79 बैच की रि-यूनियन में याद हुए पुराने दिन
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज के वर्ष 1977-79 बैच के बी.कॉम. छात्रों की रि-यूनियन मीट पार्टी फतेहाबाद रोड स्थित होटल हावर्ड प्लाजा में आयोजित की गई। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले पुराने सहपाठियों ने बीते दिनों की यादें साझा कीं और साथ में विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर दोस्ती के पुराने रंगों को फिर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में बैच के सभी छात्र सपत्नीक शामिल हुए।
पार्टी के दौरान उपस्थित मित्रों ने कॉलेज जीवन और अपने-अपने बीते अनुभव सभी के साथ साझा किए। आयोजन में तबला, अंताक्षरी और पूल साइड रैंप वॉक जैसी गतिविधियों में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रैंप वॉक में सभी की पत्नियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को खास बना दिया।
इसके बाद आयोजित कपल डांस ने समारोह में और रंग भर दिए। गीत-संगीत के बीच सभी ने जमकर आनंद लिया और पुराने दिनों की यादें एक बार फिर ताजा हो गईं। सहपाठियों ने कॉलेज के दिनों से जुड़ी यादों और अनुभवों को साझा करते हुए आपसी रिश्तों को फिर मजबूत किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने रात्रिभोज का आनंद लिया। इसके बाद प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सहपाठियों ने जल्द ही दोबारा मिलने के वादे के साथ एक-दूसरे को विदाई दी।
रि-यूनियन मीट में शेखर गोयल, सुनील गर्ग, राकेश अग्रवाल सीए, राकेश भोजन वीर, संजय पाठक, विजय गर्ग, संजय गुप्ता, बृज मोहन तापड़िया, राजकुमार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल सीए, राकेश भूटानी, सतीश जैन और अखिल अग्रवाल सहित अन्य पूर्व छात्र उपस्थित रहे।