आगरा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गौतम बोले- यूपी में कुशासन, पुलिस को बना दिया हत्यारा, अब जनता बदलाव चाहती है

आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने अपने पहले उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान आगरा के रहनकलां टोल प्लाजा पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में कुशासन, दलित उत्पीड़न, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और विपक्षी नेताओं की नजरबंदी को मुद्दा बनाते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।

Jul 1, 2026 - 19:19
 0
आगरा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गौतम बोले- यूपी में कुशासन, पुलिस को बना दिया हत्यारा, अब जनता बदलाव चाहती है
आगरा के रहनकलां टोल प्लाजा पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के के साथ मौजूद महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, महानगर अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार एवं अन्य कांग्रेस पदाधिकारी।

श्री गौतम प्रथम उत्तर प्रदेश दौरे पर बुधवार को आगरा से गुजरे थे। इनर रिंग रोड के रहनकलां टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान के नेतृत्व में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहे।

भाजपा सरकार पर साधा तीखा निशाना

इसी दौरान प्रेस वार्ता में राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को हत्यारा बना दिया गया है और दलितों पर अत्याचार, महिलाओं के साथ दुष्कर्म तथा हत्याओं की घटनाएं सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में हो रही हैं।

गौतम ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धाभाव से चढ़ाए गए दान तक की चोरी होना धर्म और समाज दोनों के साथ विश्वासघात है।

चंदा ही नहीं, विधायक और सांसद भी चुराते हैं

कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार केवल चंदा ही नहीं चुराती, बल्कि विधायक, सांसद और पूरी की पूरी पार्टी तक चुरा लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नौ नेताओं को नजरबंद किया गया, जिससे स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सत्ता को लेकर घबरा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का बुलडोजर केवल गरीबों पर चलता है और पुलिस की गोलियां भी गरीबों पर ही चलाई जाती हैं। प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव इस बदलाव की शुरुआत करेंगे और वर्ष 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता

कार्यक्रम में आगरा महानगर अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, उत्तर प्रदेश पीसीसी सदस्य शानू खान, उमेश जोशी, शीनू खान, शैफ खान, रफीक उर्फ बिट्टा, शब्बू खान वारसी, जीशान खान, संदीप पांडेय, नासिर जलील सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor