गिल और शमी ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर छह विकेट से जीत

दुबई। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने पहले मैच में भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया है। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले खेते हुए स्कोरबोर्ड पर 228 रन लगाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 21 गेंद शेष रहते मैच को 6 विकेट से जीत लिया है। टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े हीरो शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 103 रनों की नाबाद पारी खेली। इससे पहले मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के 5 बल्लेबाजों को आउट किया था।

Feb 20, 2025 - 22:12
 0
गिल और शमी ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर छह विकेट से जीत

दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी। यह शुरुआत में बहुत खराब साबित हुआ क्योंकि बांग्लादेश की आधी टीम 35 के स्कोर तक पवेलियन लौट गई थी। तौहीद हृदय और जाकिर अली ने बांग्लादेश को संकट से उबारते हुए 154 रनों की साझेदारी की। हृदय ने 100 रन बनाए। वहीं अली ने 68 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने 5 विकेट लिए, वहीं हर्षित राणा ने 3 और अक्षर पटेल ने भी 2 विकेट लिए. पटेल इस मैच में हैट्रिक लेने से भी चूक गए थे। क्योंकि रोहित शर्मा से कैच छूट गया था। शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का 8वां शतक लगाया है. गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ 101 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली।

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत दमदार रही। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दी, लेकिन रोहित शर्मा 36 गेंदों में 7 चौके की मदद से 41 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने इस दौरान विराट कोहली के बाद दूसरे सबसे तेज 11 हजार वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। इसके बाद विराट कोहली बैटिंग करने आए और उन्होंने 10वीं गेंद पर खाता खोला, जबकि 35वीं गेंद पर पहला चौका जो उनकी 38 गेंदों में 22 रन की पारी में इकलौता था। कोहली की पारी लेग स्पिनर रिषाद हुसैन ने खत्म की।