कोलंबो में रविवार को इतिहास रचने उतरेंगे गिल, एक शतक बना देगा नंबर-1, कई और रिकार्ड बना सकते हैं कप्तान
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र (2025-27) में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शुभमन गिल अभी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। गिल और इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने इस चक्र में पांच-पांच शतक लगाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अगर गिल शतक लगाने में सफल रहते हैं, तो वह मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (23 अगस्त) से कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले टेस्ट में 165 रन की शानदार जीत दर्ज कर चुकी टीम इंडिया की नजर अब सीरीज पर कब्जा जमाने पर है। वहीं, कप्तान शुभमन गिल के पास इस मुकाबले में बल्ले से दम दिखाने के साथ-साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। गॉल टेस्ट में दोनों पारियों में उनका बल्ला खामोश रहा था, ऐसे में कोलंबो में गिल से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। एक शतक उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में नंबर-1 बना देगा।
दरअसल, शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर हैं। उन्होंने अब तक इस चक्र में पांच शतक लगाए हैं। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट भी पांच शतक के साथ उनके बराबर हैं। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अगर गिल के बल्ले से शतक निकलता है तो वह डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
गिल के पास वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में एक हजार रन पूरे करने का भी शानदार मौका है। उन्होंने अब तक नौ टेस्ट मैचों में 69.57 की बेहतरीन औसत से 974 रन बनाए हैं यानी इस आंकड़े को चार अंकों तक पहुंचाने के लिए उन्हें सिर्फ 26 रन की जरूरत है। डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में गिल से आगे सिर्फ जो रूट और हैरी ब्रूक हैं। रूट के नाम 1174 रन हैं, जबकि ब्रूक 1147 रन बना चुके हैं। कोलंबो में गिल अगर 26 रन बना लेते हैं तो वह भी इस खास क्लब में शामिल हो जाएंगे।
शुभमन गिल के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत तौर पर एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आ सकता है। वह टेस्ट क्रिकेट में अपने तीन हजार रन पूरे करने से सिर्फ सात रन दूर हैं। गिल ने अब तक 42 टेस्ट मैच खेले हैं और इस दौरान 2993 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में आठ शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं। अगर कोलंबो में वह सात रन बना लेते हैं तो तीन हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।
हालांकि, पहले टेस्ट में गिल का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। गॉल में पहली पारी में उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरी पारी में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और महज आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में भारतीय कप्तान की नजर अब कोलंबो में वापसी पर होगी। टीम इंडिया पहले टेस्ट में 165 रन से जीत हासिल कर चुकी है और गिल चाहेंगे कि दूसरे मुकाबले में कप्तानी के साथ बल्लेबाजी में भी उनका योगदान अहम रहे।
पहले टेस्ट में भारत की जीत में देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार का अहम योगदान रहा था। पडिक्कल ने पहली पारी में शानदार 167 रन बनाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। वहीं, गेंदबाजी में युवा स्पिनर मानव सुथार ने कमाल करते हुए मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए थे। श्रीलंकाई बल्लेबाज भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सके और चौथी पारी में 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 202 रन पर ऑलआउट हो गए। अब कोलंबो में भारतीय टीम के सामने सीरीज अपने नाम करने का मौका है। इस मुकाबले में नजरें कप्तान शुभमन गिल पर भी होंगी।