बीआईएस मानकों से ही बढ़ेगी उद्योगों की वैश्विक पहचान: चैम्बर ने आगरा में टेस्टिंग लैब और लाइसेंस शिविर की उठाई मांग

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में सोमवार को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की विभिन्न योजनाओं, गुणवत्ता मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) और प्रमाणन प्रक्रिया को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योगों को बीआईएस प्रमाणन, एमएसएमई के लिए उपलब्ध रियायतों, तकनीकी सहयोग, मानकों के अनुपालन तथा 'क्वालिटी इंडिया–आत्मनिर्भर भारत' अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उद्योगों में गुणवत्ता संस्कृति को बढ़ावा देने, बीआईएस प्रमाणन से अधिक से अधिक उद्यमियों को जोड़ने तथा आगरा में टेस्टिंग लैब और लाइसेंस सहायता शिविर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

Jun 29, 2026 - 19:56
 0
बीआईएस मानकों से ही बढ़ेगी उद्योगों की वैश्विक पहचान: चैम्बर ने आगरा में टेस्टिंग लैब और लाइसेंस शिविर की उठाई मांग
नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में सोमवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मंचस्थ चैंबर पदाधिकारी और बीआईएस के अधिकारी।

चैम्बर सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की। बैठक में भारतीय मानक ब्यूरो के सीनियर डायरेक्टर एवं नोएडा शाखा कार्यालय के प्रमुख कौशिक दत्ता, उपनिदेशक मोहम्मद अफसर इमाम तथा वैज्ञानिक-सी नीरज कुमार ने बीआईएस की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आयोजन बिजनेस डेवलपमेंट एंड एजुकेशन प्रकोष्ठ के चेयरमैन अपूर्व मित्तल के संयोजन में हुआ, जबकि संचालन उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग ने किया।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि आगरा के अधिकांश उद्योग माइक्रो सेक्टर के हैं, जहां उद्यमी सीमित संसाधनों में स्वयं कई जिम्मेदारियां निभाते हैं। बीआईएस की जानकारी और प्रक्रिया की जटिलता के कारण अनेक उद्योग प्रमाणन से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने जूता, आभूषण और फाउंड्री सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए बीआईएस जागरूकता कार्यक्रम तथा चैम्बर परिसर में विशेषज्ञों के साथ लाइसेंस शिविर आयोजित करने की मांग की, ताकि उद्यमियों को आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

उन्होंने आगरा में बीआईएस की टेस्टिंग लैब स्थापित करने की भी मांग करते हुए कहा कि इससे उद्योगों का समय और लागत दोनों बचेंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता उद्योगों की सफलता का आधार हैं तथा बीआईएस मानकों का पालन करने से उत्पादों की गुणवत्ता, उपभोक्ताओं का विश्वास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उद्योगों की भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही 'क्वालिटी इंडिया–आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

भारतीय मानक ब्यूरो के सीनियर डायरेक्टर एवं नोएडा शाखा प्रमुख कौशिक दत्ता ने कहा कि बीआईएस प्रमाणन उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीआईएस के अंतर्गत लगभग 24 हजार भारतीय मानक लागू हैं तथा लाइसेंस के लिए आवेदन करने के बाद सामान्यतः 30 दिनों के भीतर प्रमाणन प्रक्रिया पूरी की जाती है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अनेक उत्पादों पर गुणवत्ता नियंत्रण आदेश लागू किए हैं, ताकि निम्न गुणवत्ता वाले उत्पादों पर रोक लगाई जा सके और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि मानकों का पालन करने से उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, उत्पादन लागत में कमी, ग्राहकों का विश्वास बढ़ने तथा निर्यात के नए अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलती है। साथ ही गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली अपनाने से उद्योग वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकते हैं।

भारतीय मानक ब्यूरो के उपनिदेशक मोहम्मद अफसर इमाम ने एमएसएमई इकाइयों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को प्रमाणन प्रक्रिया में शुल्क में रियायत, तकनीकी मार्गदर्शन और मानकों के अनुपालन के लिए विशेष सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। इन सुविधाओं का उद्देश्य छोटे उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाना है।

बैठक के अंत में पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल एवं अंबा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, अमर मित्तल, अशोक कुमार गोयल, राजकुमार भगत, संजय अरोड़ा, सुनील सिंघल, देवेंद्र गोयल, योगेश सिंघल, राकेश सिंघल, चंद्रवीर सिंह फौजदार, अंबुज गोयल, प्रशांत अग्रवाल, अमित, शिशिर गुप्ता, संजीव अग्रवाल, रवि मित्तल, लक्ष्मी नारायण, नितिन जैन, केशव सिंघल, हर्षित अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, अमित बंसल, सतीश अग्रवाल, अभिजीत धवन, मुकेश शर्मा, अपूर्व मित्तल, जयकिशन गुप्ता, राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor