आगरा के छीपीटोला जैन मंदिर में रचा गया धर्म का स्वर्णिम इतिहास, उपाध्याय पदारोहण और जैनेश्वरी दीक्षा के संगम से गूंजा पार्श्वधाम, उमड़ा हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब
आगरा। छीपीटोला स्थित पार्श्वधाम दिगम्बर जैन मंदिर सोमवार को ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का साक्षी बना। वैज्ञानिक संत आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज एवं समस्त मुनिसंघ के सानिध्य में आयोजित उपाध्याय पदारोहण दिवस और जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निर्यापक मुनिश्री शिवदत्तसागर जी महाराज को उपाध्याय पद से अलंकृत किया गया, जबकि कोटा निवासी ब्रह्मचारी मोहनलाल भैया ने मुनि दीक्षा लेकर मुनिश्री वासुदत्तसागर जी महाराज नाम धारण किया। इस ऐतिहासिक आयोजन ने पूरे पार्श्वधाम को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद भारी जनसमूह।
प्रातः जैन भवन से पार्श्वधाम तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, धार्मिक ध्वजों और जयघोषों के बीच हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आचार्यश्री ससंघ का स्वागत किया गया।
महोत्सव का ध्वजारोहण मनीष जैन, अनीष जैन एवं दीपक जैन बोतल वाले परिवार ने किया। पंडाल का उद्घाटन हीरालाल बैनाड़ा एवं निर्मल मोठया परिवार ने किया, जबकि राहुल जैन और रवि जैन ने दीप प्रज्ज्वलन एवं चित्र अनावरण किया। बालिकाओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया तथा महिलाओं ने चौक पूरण की परंपरा निभाई।
कार्यक्रम के दौरान आगरा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ जैन समाज ने वर्ष 2026 के चातुर्मास एवं मंगल प्रवास के लिए आचार्यश्री के समक्ष श्रीफल अर्पित कर निवेदन किया।
इसके बाद आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज ने वैदिक एवं जैन परंपरा के मंत्रोच्चार के बीच शिवदत्तसागर जी महाराज को उपाध्याय पद से विभूषित किया। घोषणा होते ही पूरा पंडाल जयघोष से गूंज उठा।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मोहनलाल भैया ने सांसारिक जीवन का त्याग कर मुनि दीक्षा ग्रहण की। आचार्यश्री ने उनका केशलोंच कर उन्हें मुनिश्री वासुदत्तसागर जी महाराज नाम प्रदान किया। दीक्षा के बाद परिजनों ने कमंडल और पिच्छी भेंट कर भावभीनी विदाई दी, जिससे श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
संतों ने अपने प्रवचनों में धर्म, संयम, संस्कार और आत्मकल्याण का संदेश दिया। आगरा, फिरोजाबाद, टूंडला, शिकोहाबाद, इटावा, बरहन, जलेसर, कोटा, दिल्ली, सागर और अशोक नगर सहित अनेक स्थानों से पहुंचे श्रद्धालुओं से पूरा पार्श्वधाम परिसर खचाखच भरा रहा।
कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। आयोजन में प्रदीप जैन पीएनसी, जगदीश प्रसाद जैन, राकेश जैन, अनंत जैन, जितेंद्र जैन, अशोक जैन, राजेश जैन, नीरज जैन, अमित जैन, मनोज जैन बल्लो, मुरारीलाल जैन, अनिल जैन फौजी, प्रवीन जैन नेता, भुवनेश जैन, दीपक जैन, मोनू जैन, आयुष जैन, बिट्टू जैन, सत्येंद्र जैन, सचिन जैन, संजीव जैन, अतिशय जैन, हेमंत जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, एनसीसी क्लब छीपीटोला के सदस्य एवं बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।