आगरा में स्वतंत्रता दिवस की भव्य तैयारी, शहीद स्मारक और नगर निगम पहुंचे डीएम, 3 लाख तिरंगे तैयार

स्वतंत्रता दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम मनीष बंसल ने शहीद स्मारक और नगर निगम प्रांगण का निरीक्षण किया। आगरा में 66 स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों ने तीन लाख तिरंगे तैयार किए हैं। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर चित्र प्रदर्शनी, पीड़ित परिवारों का सम्मान और संगोष्ठी होगी, जबकि 15 अगस्त को शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Aug 11, 2026 - 17:08
 0
आगरा में स्वतंत्रता दिवस की भव्य तैयारी, शहीद स्मारक और नगर निगम पहुंचे डीएम, 3 लाख तिरंगे तैयार
डीएम निरीक्षण करते हुए।

आगरा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के साथ-साथ हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सफल आयोजन को लेकर आगरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शहीद स्मारक और नगर निगम प्रांगण का भौतिक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित तथा गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ तिरंगे के साथ उनके व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। जनपद में हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त तक घरों, सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। तिरंगा रैलियों के माध्यम से भी अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जा रहा है। यह अभियान देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र की सेवा में प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से सम्मान प्रकट करने का अवसर भी है।

66 स्वयं सहायता समूहों ने बनाए तीन लाख तिरंगे

आगरा में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए बड़े स्तर पर तिरंगों का निर्माण कराया गया है। जिले के 66 स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों द्वारा करीब तीन लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए गए हैं। इन झंडों को ब्लॉक, ग्राम पंचायतों और वार्डों में आम लोगों को निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की हर घर तिरंगा फहराने की अपील के बाद लोग स्वेच्छा से भी दुकानों से तिरंगे खरीदकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर लगा रहे हैं। जिले में विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य समूहों की ओर से भी तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।

डिजिटल माध्यम से भी जुड़ रहे लोग

हर घर तिरंगा अभियान को इस बार भौतिक और डिजिटल दोनों माध्यमों से आगे बढ़ाया जा रहा है। जहां लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहरा रहे हैं और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर रहे हैं, वहीं डिजिटल माध्यम से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। तिरंगे के साथ ली गई सेल्फी को हर घर तिरंगा डॉट कॉम के माध्यम से डिजिटल अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है।

14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें भारत विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलकर भारत आए परिवारों और उस दौर की त्रासदी से जुड़ी सामग्री को प्रदर्शित किया जाएगा। विभाजन की त्रासदी झेल चुके परिवारों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनके अनुभवों से नई पीढ़ी और आमजन को उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका के पीड़ितों की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। इसके साथ ही विभाजन की त्रासदी, इतिहास, संस्कृति और मानवीय पीड़ा से जुड़े विषयों पर संगोष्ठी आयोजित कर लोगों को उस समय की विषम परिस्थितियों और मानवीय संकट की जानकारी दी जाएगी।

15 अगस्त को शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सैनिकों तथा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजनों को जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान देश के वीर सपूतों के योगदान और बलिदान को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और विभिन्न राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। स्कूल बैंड और पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कर समारोह में राष्ट्रप्रेम का उत्साह बढ़ाया जाएगा।

तिरंगा थीम से सजेगा शहर

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगरा में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, अलंकरण, रंगोली और तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं। तिरंगा सेल्फी सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस का उत्सव केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि आमजन की व्यापक भागीदारी के साथ पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचे।

अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक गौतम, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि आगरा में तीनों आयोजनों को व्यापक जनभागीदारी और गरिमा के साथ सफल बनाया जा सके।