आगरा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकलीं भव्य शोभायात्राएं, सांस्कृतिक आयोजन भी हुए

आगरा में महाराजा अग्रसेन जयंती 2025 के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित भव्य महोत्सवों और शोभायात्राओं ने नगरवासियों को उत्सव की रंगत में डुबो दिया। विभिन्न स्थानों पर निकाली गई शोभा यात्राओं, हवन-पूजन, दुग्धाभिषेक, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश फैलाया। समाज के सभी वर्गों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की सपरिवार सहभागिता ने उत्सव को और भी जीवंत और भव्य बना दिया।

Sep 22, 2025 - 22:35
 0
आगरा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकलीं भव्य शोभायात्राएं, सांस्कृतिक आयोजन भी हुए
अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल सेवा सदन में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक करते रविंद्र अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल और समिति सदस्य। जनक पार्क से जनक महल तक पुष्प वर्षा और स्वागत करते अग्रवाल परिवार व नागरिक। कर्मयोगी एनक्लेव में आयोजित हवन में अध्यक्ष पवन बंसल, महामंत्री संजय अग्रवाल और अन्य समिति सदस्य। बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली गई महाराजा अग्रसेन जयंती शोभा यात्रा में शामिल लोग।

धूलियागंज से निकली सुरीति प्रचारिणी सभा की शोभायात्रा

श्री अग्रवाल सुरीति प्रचारिणी सभा ने धूलियागंज स्थित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अध्यक्ष बलवीर शरण गोयल, उपाध्यक्ष रामसरण मित्तल, सुरेश चंद गर्ग (तपन ग्रुप), मंत्री जगदीश प्रसाद बागला, अनिल गर्ग और संजय गर्ग ने महाराज की आरती कर किया।
शोभा यात्रा में दर्जनों झांकियां, धार्मिक धुन बजाते नामी-गरामी बैंड और रथ पर सजे 18 राजकुमार व 18 नाग कन्याओं ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में पथवारी, बेलनगंज, कचहरी घाट, दरेसी रावतपाड़ा, जौहरी बाजार, सेठ गली, फुब्बारा और हास्पिटल रोड होते हुए यात्रा नूरी दरवाजा स्थित अग्रोहा धाम शिवम वाटिका पर समाप्त हुई।
अध्यक्ष बलवीर शरण गोयल ने बताया कि यह शोभा यात्रा वर्ष 1880 से निरंतर आयोजित की जा रही है। संयोजक मुकेश मित्तल ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने भी यात्रा में पूर्ण सहयोग किया। प्रमुख संदेश: सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय और एक रुपया एक ईंट का सिद्धांत।

कमला नगर अग्रवाल संगठन दुग्धाभिषेक एवं आरती कार्यक्रम

महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में अग्रवाल संगठन द्वारा महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का भव्य दुग्धाभिषेक, माल्यार्पण और आरती कार्यक्रम संपन्न हुआ। अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और शिक्षाओं को आत्मसात कर समाज में सेवा, सहयोग और समानता की भावना को बढ़ावा देना प्रमुख लक्ष्य है।
संरक्षक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक चेतना को आगे बढ़ाया जा रहा है। महिलाओं के लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम ने महोत्सव में उल्लास और उत्सव का वातावरण बनाया। मार्गदर्शक सीताराम अग्रवाल और राकेश मंगल, स्थाई विशिष्ट सदस्य महेंद्र सिंघल और अनिल अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कमला नगर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा

अग्रवाल संगठन, कमला नगर द्वारा आयोजित शोभा यात्रा जनक पार्क, एफ ब्लॉक से प्रारंभ होकर जनक महल, बी ब्लॉक रोड पर महाआरती के साथ संपन्न हुई। मार्ग में अग्रवाल परिवारों और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
शोभा यात्रा की अगुवाई गणेश जी की सवारी ने की, जबकि करीब 25 झांकियों में 18 राजकुमार और नौ कन्याएं विशेष आकर्षण रही। ऑपरेशन सिंदूर जैसी झांकियों ने देशभक्ति का संदेश फैलाया।
अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल और संरक्षक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि सपरिवार सहभागिता ही अग्रसमाज की शक्ति को दर्शाती है। अन्य उपस्थित सदस्य थे स्थायी विशिष्ट सदस्य महेंद्र सिंघल, अनिल अग्रवाल, सुनील विकल, श्री राम अग्रवाल, प्रदीप कुमार अग्रवाल।

बुंदूकटरा, सेवला अग्रवाल संगठन की भव्य शोभायात्रा

अग्रवाल संगठन, बुंदूकटरा, सेवला ने भव्य शोभा यात्रा निकाली। शोभायात्रा का शुभारंभ श्रीदुर्गा मां मंदिर डिफेन्स एस्टेट से महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा की आरती के साथ हुआ।
अग्रमाता-पिता भगवान दास बंसल और विमला देवी बंसल का सम्मान किया गया। रथ पर महाराजा अग्रसेन और महारानी माधवी के स्वरूप भगवान दास सिंघल और लता सिंघल के रूप में विराजमान थे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। मौजूद लोगों में प्रमुख थे नवीन जैन, खेरागढ़ नगर पालिका के चेयरमैन सुधीर गर्ग और पूर्व विधायक महेश गोयल।

कर्मयोगी एनक्लेव, कमला नगर की शोभायात्रा

अग्र मिलन समिति द्वारा कर्मयोगी एनक्लेव में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः हवन में अध्यक्ष पवन बंसल, महामंत्री संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र मंगल उपस्थित रहे।
सायंकाल की शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को उत्सव की रंगत से भर दिया। 18 राजकुमारों की झांकी और नौ देवियों की झांकी विशेष आकर्षण रही।
समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश फैलाना है।

बल्केश्वर में महादेव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा

आगरा। श्री अग्रबन्धु सेवा ट्रस्ट ने बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली। 18 राजकुमार और 18 कन्याओं की झांकियों के साथ गणेश की सवारी और रथ पर महाराजा अग्रसेन व रानी माधवी के स्वरूप अमित अग्रवाल और रेखा अग्रवाल के रूप में विराजमान थे।
संस्थापक अध्यक्ष वीके अग्रवाल, संयोजक केशव अग्रवाल और भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि 23 सितंबर को अग्रवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor