पालीवाल पार्क से 'हरित आगरा अभियान' का आगाज, महापौर ने लगाया दुर्लभ देशी अंकोल का पौधा; ग्रीन आगरा मिशन को मिली नई दिशा

आगरा। शहर को हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में सोमवार को पालीवाल पार्क से मानसून वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने दुर्लभ देशी वृक्ष अंकोल का पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर महापौर ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Jul 6, 2026 - 22:19
 0
पालीवाल पार्क से 'हरित आगरा अभियान' का आगाज, महापौर ने लगाया दुर्लभ देशी अंकोल का पौधा; ग्रीन आगरा मिशन को मिली नई दिशा
पालीवाल पार्क में सोमवार को अंकोल का पौधा लगाकर हरित आगरा अभियान का शुभारंभ करतीं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह। साथ हैं केसी जैन एडवोकेट और अन्य पर्यावरण प्रेमी।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा सहित उपस्थित नागरिकों ने अंकोल के पौधों का रोपण किया। ये पौधे अधिवक्ता एवं पर्यावरणविद् के.सी. जैन के प्रयासों से तैयार एवं संरक्षित किए गए हैं। पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार अंकोल भारत का अत्यंत दुर्लभ देशी वृक्ष है, जिसकी आगरा में संख्या बेहद सीमित है। पालीवाल पार्क में भी इसका केवल एक परिपक्व वृक्ष मौजूद है।

बताया गया कि अंकोल कम पानी में भी आसानी से विकसित होने वाला अत्यंत कठोर वृक्ष है, जिसकी जीवित रहने की संभावना लगभग शत-प्रतिशत मानी जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में इस वृक्ष को आगरा के हरित अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा सकता है।

वृक्षारोपण के बाद पर्यावरणविद् के.सी. जैन ने महापौर को "ग्रीन आगरा–स्वस्थ आगरा" की परिकल्पना पर आधारित कई जनहित सुझावों से अवगत कराया। इनमें पूरे नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर देशी वृक्षारोपण अभियान चलाना, वजीरपुरा प्रवेश मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित करना, प्रत्येक सार्वजनिक पार्क में आधुनिक एवं सुरक्षित झूले तथा ओपन जिम स्थापित करना, पालीवाल पार्क में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर की स्थापना, प्रमुख वृक्षों पर उनके नाम एवं उपयोगिता दर्शाने वाली पट्टिकाएं लगाना, नए उद्यानों में जैव विविधता को बढ़ावा देना, नगर निगम परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करना, आगरा में आधुनिक प्राणी उद्यान की स्थापना तथा आगामी वर्षों के लिए महत्वाकांक्षी ग्रीन आगरा मिशन शुरू करने जैसे सुझाव शामिल रहे।

के.सी. जैन ने कहा कि यदि इन सुझावों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए तो आगरा केवल विश्व पर्यटन नगरी ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य, जैव विविधता और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी शहरों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक हित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रातःकालीन भ्रमणकर्ता, पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अधिक से अधिक देशी वृक्ष लगाने तथा आगरा को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor