जीएसटी दरों में कटौती से दिवाली जैसी खुशियां, भाजपा नेता बाजारों में पहुंचे, दिखा भारी उत्साह
आगरा। देशभर में 22 सितंबर से लागू जीएसटी 2.0 ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए राहत की सौगात दी है। आगरा में इसे ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है। बाजारों में रौनक और उल्लास दिखा, तो दुकानदारों ने ग्राहकों को कम दामों पर वस्तुएं उपलब्ध कराकर इसे त्योहारी तोहफ़े के रूप में पेश किया। भाजपा नेताओं ने बाजार भ्रमण कर व्यापारियों और आमजन को जीएसटी की घटी दरों की जानकारी दी और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी दिया।
सोमवार को विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने मोतीलाल नेहरू रोड और विजयनगर कॉलोनी क्षेत्र में बाजार का भ्रमण कर व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद किया। उन्होंने दुकानदारों को जीएसटी दरों में हुई कमी की जानकारी दी और उनसे कहा कि इस लाभ को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाएं।
इस दौरान दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी की घटी दरों के पोस्टर भी लगाए गए। राजकुमार गुप्ता ने कहा कि कम जीएसटी का लाभ उठाओ, स्वदेशी उत्पाद घर लाओ।
तोता का ताल, मादिया कटरा और पालीवाल पार्क के निकट भी भाजपा के नेतृत्व में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान समेत पार्टी पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
नेताओं ने दुकानदारों को पत्रक वितरित कर जीएसटी 2.0 के प्रावधान समझाए और ग्राहकों को इसका सीधा लाभ देने की अपील की।
व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीएसटी दरें घटाने के लिए आभार जताया।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान और महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता ने इसे मोदी सरकार का गरीब और मध्यम वर्ग के प्रति संवेदनशील कदम बताया। नेताओं ने कहा कि जीएसटी की दरों में कटौती से दूध, घी, दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम कम होंगे, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
दोनों अवसरों पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी और आमजन मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से नीरज गुप्ता, महेश शर्मा, मनोज राजौरा, मोंटी गुप्ता, सीए दीपिका मित्तल, पार्षद ऋषभ गुप्ता, अनुराग चतुर्वेदी, महानगर मंत्री मनमोहन कुशवाह, राजीव जायसवाल, मंडल अध्यक्ष योगेश दिवाकर, महामंत्री सौरभ चौधरी, हिमांशु गौतम, पूर्व पार्षद कृष्ण जी, राहुल सागर, अरुण पाराशर, रोहित कत्याल, अभिषेक गुप्ता, अमित सिंह पटेल, शरद चौहान, विक्रांत सिंह, करुणा निधि गर्ग सहित अन्य लोग शामिल रहे।
बोदला चौराहे पर जीएसटी बचत उत्सव, सांसद नवीन जैन ने किया जनसंपर्क
राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आगरा के बोदला चौराहे पर जीएसटी बचत उत्सव आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लागू किए गए जीएसटी 2.0 के लाभों को आम जनता और व्यापारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा दीनदयाल मंडल के कार्यकर्ताओं ने बाजार में व्यापक जनसंपर्क किया। सांसद नवीन जैन और पदाधिकारियों ने दुकानदारों को घटे हुए जीएसटी दरों की जानकारी दी और आग्रह किया कि वे ग्राहकों को इसका सीधा लाभ दें।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि दवाइयों, मेडिकल उपकरणों, स्वास्थ्य बीमा और फिटनेस सुविधाओं सहित आवश्यक वस्तुएँ अब अधिक किफायती होंगी। कार्यक्रम के दौरान धन्यवाद मोदी जी के नारों से माहौल गूंज उठा। इस अवसर पर दीनदयाल मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, महामंत्री मनोज चौहान, अनिल सारस्वत, अनिरुद्ध भदौरिया, सुषमा जैन, बाजार कमेटी अध्यक्ष राम स्वरूप लोधी, राहुल कुशवाह, पार्षद प्रवीणा राजावत, पार्षद निरंजन सिंह केन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।