दहेज के लिए उत्पीड़न और तलाकनामे पर जबरन दस्तखत, नवविवाहिता ने सात ससुरालियों पर किया केस
किरावली (आगरा)। थाना किरावली क्षेत्र के अभैदौपुरा गांव की रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपनी ससुराल में शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, अतिरिक्त दहेज मांग और जबरन तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराने जैसे संगीन आरोपों में पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता अनीता पुत्री भगवान सिंह का विवाह 4 फरवरी 2019 को ग्राम श्रीनगर, थाना रूपवास, जिला भरतपुर (राजस्थान) निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र भगवान सिंह के साथ हुआ था। वीरेन्द्र भारतीय रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं।
अनीता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे लग्जरी गाड़ी, सोना-चांदी, घरेलू सामान और नकदी दहेज में देने के बावजूद, ससुरालीजन 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। विरोध करने पर शारीरिक प्रताड़ना, तानों और बर्बर मारपीट का सामना करना पड़ा।
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि ससुरालियों ने अनीता से 100 रुपये के स्टांप पेपर पर तलाकनामे पर जबरन दस्तखत करवा लिए। जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की भी कोशिश की गई। पीड़िता जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर ससुराल से भाग निकली और थाना किरावली में न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने अनीता की तहरीर पर पति वीरेन्द्र सिंह, ससुर भगवान सिंह, सास कमलेश, जिठानी रंजीता, देवर दीपक, जेठ हरेंद्र और देवेन्द्र सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हिंसा और अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।