मेहनत और लगन का जज्बा: अप्सा फिएस्टा एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
आगरा। खेल के मैदान में जब पसीना गिरता है, तो इतिहास बनता है। इसी जज़्बे और अनुशासन की मिसाल बनी अप्सा खेलकूद फिएस्टा 2025 की एथलेटिक मीट, जिसका आयोजन 10 अक्टूबर 2025 को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में हर्षोल्लास के साथ हुआ। प्रतियोगिता में छात्रों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और टीम भावना ने पूरे परिसर को जोश से भर दिया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन प्रभारी क्रीड़ा शिक्षक नरेंद्र कुशवाहा ने अप्साध्यक्ष एवं प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव, अतिथिगण एवं क्रीड़ांगन में उपस्थित सभी जनों का स्वागत किया।
प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों को प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और खेल भावना के विकास हेतु शपथ दिलाई।
ट्रैक एंड फील्ड में 265 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
फिएस्टा के तहत 26 विद्यालयों के लगभग 265 प्रतिभागियों ने चार श्रेणियों बालक व बालिका, कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ और 4×100 रिले दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणामः 100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग)
कनिष्ठ वर्ग: निधि राजपूत (प्रथम), काजल (द्वितीय), अंशिका रावत (तृतीय)
वरिष्ठ वर्ग: सारिका सिंह (प्रथम), छवि (द्वितीय), प्राची यादव (तृतीय)
100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग)
कनिष्ठ वर्ग: राधेश्याम (प्रथम), अभिषेक रावत (द्वितीय), कृष्णा यादव (तृतीय)
वरिष्ठ वर्ग: देवेश (प्रथम), तेजस्व (द्वितीय), अंशुल यादव (तृतीय)
सभी प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को कुल 28 स्वर्ण, 28 रजत और 28 कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।
खेलों से निखरती है नेतृत्व क्षमता
अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अनुशासन सिखाते हैं। खेलों में भागीदारी से न केवल शारीरिक क्षमता, बल्कि नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम स्पिरिट का विकास होता है।
आयोजन समिति की भूमिका
कार्यक्रम के संचालन में नरेंद्र कुशवाहा, अभि सिरोही, काजल वासुदेव, ऋषभ गौतम, सुबोध कांत लावण्या और उनकी सहयोगी टीम के सदस्यों कपिल ठाकुर, ललित नरवार, साहिल गुर्जर, आलोक, कृष्णा, विकास, गौरव, आयुष, सौरभ, प्रवीन आदि का विशेष योगदान रहा।
दर्शक दीर्घा में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों ने खिलाड़ियों की ऊर्जा, समर्पण और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अप्सा के सदस्य त्रिलोक सिंह राणा, अन्मेष दयाल, डॉ. फिरोज खान, विष्णु रावत और अरविंद श्रीवास्तव की उपस्थिति ने समारोह को गरिमा प्रदान की।