धर्मांतरण गैंग के चंगुल से मुक्त हरियाणा की युवती दलित समाज से, पुलिस ने कोर्ट में कराए बयान
आगरा। दिल्ली से गिरफ्तार धर्मांतरण गैंग के सरगना अब्दुल रहमान के कब्जे से आगरा पुलिस ने हरियाणा की जिस युवती को मुक्त कराया था, वह दलित समाज से है। पूछताछ में सामने आया कि अब्दुल रहमान ने इस युवती का न केवल ब्रेनवॉश किया, बल्कि उसे इस्लाम कबूल करने के लिए बाध्य भी किया। इस युवती के मामले में जुनैद नाम के एक आरोपी का और सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं। आगरा पुलिस ने इस युवती के कोर्ट में बयान भी करा दिए हैं।
164 में दर्ज हुए बयान, जुनैद की तलाश में फिर दिल्ली पहुंची पुलिस टीम
आगरा पुलिस युवती को दिल्ली से रेस्क्यू करने के बाद अपने साथ आगरा लाई थी। यहां न्यायालय में पीड़िता का 164 के तहत बयान दर्ज करवाया गया है, जो अब इस पूरे धर्मांतरण प्रकरण में पुख्ता साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा। बयान में युवती ने विस्तार से बताया कि कैसे उसे धोखे और मानसिक दवाब से धर्म परिवर्तन कराया गया।
धर्मांतरण में शामिल जुनैद अभी फरार, दिल्ली में दबिशें जारी
इस दलित युवती के धर्मांतरण के मामले में जुनैद नाम का एक और आरोपी सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। आगरा पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो चुकी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि जुनैद ने भी कई और युवतियों को निशाना बनाया है।
हरियाणा पुलिस और परिवार ने जताया आभार, नहीं ढूंढ पाई थी बेटी
जब यह युवती अपने घर से लापता हुई थी, तो हरियाणा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। आगरा पुलिस द्वारा लड़की को दिल्ली से बरामद करने के बाद, हरियाणा पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पीड़िता के परिवारजन भी आगरा पहुंचे और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
युवती के परिजन बेटी को पाकर भावुक थे। उनका कहना था कि आगरा पुलिस समय रहते न पहुंचती, तो उनकी बेटी उन्हें शायद कभी वापस न मिलती।