कपड़े बदलते समय मेरी वैन में घुस गए थे-शालिनी
मुंबई। साउथ से बॉलीवुड में एंट्री लेने वाली एक्ट्रेस शालिनी पांडे इस वक्त अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल एक्ट्रेस ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए साउथ के एक डायरेक्टर का हैरान कर देने वाला किस्सा शेयर किया। एक्ट्रेस ने कहा कि एक दिन वो वैनिटी वैन में कपड़े बदल रही थी, तभी फिल्म का डायरेक्टर बिना पूछे अंदर आ गया।
शालिनी पांडे ने एक इंटरव्यू में अपने एक्टिंग करियर को और स्ट्रगल को लेकर खुलकर बात की। इसी दौरान एक्ट्रेस ने कहा कि, मैंने हमेशा अच्छे मेल्स के साथ काम नहीं किया। मैंने ऑन-स्क्रीन, ऑफ-स्क्रीन और क्रू सहित कुछ भयानक पुरुषों के साथ भी काम किया है लेकिन आपको बस अपनी सीमा तय करनी होती है। अपनी करियर में मैंने बेहद अराजक पुरुषों का भी सामना किया है और ये बात बिल्कुल सच है।’
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि ‘मैं किसी फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं हूं, इसलिए शुरुआत में मुझे चीजें संभालनी नहीं आती थी। मेरे करियर के शुरूआत में एक बार मैं एक साउथ फिल्म में काम कर रही थी। तभी सेट पर एक दिन फिल्म के निर्देशक मेरी वैन में बिना खटखटाए ही अंदर आ गए। उस टाइम मैं कपड़े चेंज कर रही थी। उन्हें देखते ही मैं पूरी तरह घबरा गई लेकिन फिर मैं निर्देशक पर खूब चिल्लाई। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा भी कुछ हो सकता है।”
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि, उस वक्त मैं सिर्फ 22 साल की थी। मुझे लोगों ने कहा कि उनपर चिल्लाना नहीं चाहिए था लेकिन ये कोई तरीका नहीं होता अंदर आने का। अगर मैं नई हूं तो आप बिना खटखटाए अंदर नहीं आ सकते। आप मेरे साथ ऐसा नहीं कर सकते।”