आगरा-फिरोजाबाद में तेज आंधी तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त
आगरा/टूंडला। आज आगरा, टूंडला, मथुरा, फिरोजाबाद आदि जिलों में अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी तूफान ने इन शहरों को अपनी चपेट में ले लिया। धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलने से दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों को घरों के अंदर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कई इलाकों से पेड़ गिरने और बिजली के खंभों के टूटने की खबरें आ रही हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। सड़कों पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
टूंडला में बिजली चमकने और बादलों की गड़गड़ाहट साफ सुनाई दे रही है। इसके साथ ही गरज के साथ बौछारें भी पड़ीं। पूरे टूंडला में बिजली गुल हो गई। इसके कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक दिन पहले ही फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी।
दूसरी ओर दिल्ली में लगातार दूसरे दिन कई इलाकों में तेज आंधी के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दिल्ली में आज शाम को धूल भरी आंधी के बाद कुछ इलाकों में पेड़ और पोल गिर गए हैं। ऐसे में ट्रैफिक सिस्टम प्रभावित हो गया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों की सहूलियत के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली में मथुरा रोड पर ट्रैफिक प्रभावित है। आश्रम से बदरपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर ओखला मोड़ रेड लाइट के पास एक पेड़ उखड़ गया है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने से बचना चााहिए। वहीं दिल्ली में पंखा रोड पर ट्रैफिक प्रभावित है। डाबड़ी से उत्तम नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर ए-2 रेड लाइट के पास एक पेड़ उखड़ गया है। इस वजह से यातायात बाधित है। इस रास्ते पर भी जाम मिलना तय है।