जनकपुरी में हेल्प आगरा की एंबुलेंस ने बचाई जान, 15 मिनट की देरी पड़ सकती थी भारी

आगरा। जनकपुरी महोत्सव में हेल्प आगरा की एंबुलेंस सेवा ने समय पर एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। महोत्सव के दूसरे दिन रामबाग निवासी करीब 48 वर्षीय व्यक्ति को अचानक अटैक आने के बाद पैरालिसिस के लक्षण दिखाई दिए। हेल्प आगरा के वालंटियर पवन ने गर्भ संस्कार के ललित के सहयोग से बिना देर किए मरीज को एंबुलेंस से एसएन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल सीटी स्कैन कराकर इलाज शुरू कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज को अस्पताल पहुंचाने में करीब 15 मिनट की और देरी हो जाती तो उसकी स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

Oct 9, 2026 - 21:11
 0
जनकपुरी में हेल्प आगरा की एंबुलेंस ने बचाई जान, 15 मिनट की देरी पड़ सकती थी भारी
हेल्प आगरा द्वारा जनकपुरी में लगाया गया कैंप। 

हेल्प आगरा की एंबुलेंस में ऑक्सीजन की पूरी व्यवस्था उपलब्ध थी। उस समय नर्स या मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं होने के बावजूद टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घायल बच्चे की ड्रेसिंग, जरूरतमंदों को दी बैंडेज

जनकपुरी महोत्सव के दौरान हेल्प आगरा की टीम ने अन्य जरूरतमंदों की भी मदद की। एक छोटे बच्चे के पैर में चोट लगने पर उसकी ड्रेसिंग की गई। इसके अलावा दो-तीन अन्य जरूरतमंद लोगों को आवश्यक बैंडेज उपलब्ध कराए गए।

बिछड़ी बच्ची को माता-पिता से मिलाया

महोत्सव के दौरान करीब 10 वर्ष की एक बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। हेल्प आगरा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को उसके माता-पिता तक पहुंचाने में मदद की। आपात चिकित्सा सहायता के साथ लोगों की सुरक्षा और सहायता के इन प्रयासों से महोत्सव में संस्था की सेवा की उपयोगिता सामने आई।

हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि संस्था का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में पीड़ित को समय पर मदद उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जनकपुरी महोत्सव में संस्था की एक एंबुलेंस के साथ सेवा केंद्र स्थापित किया गया है, ताकि जरूरतमंदों को तत्काल सहायता मिल सके।

SP_Singh AURGURU Editor