आगरा के मलूपुर में मंदिर की जमीन पर दबंगई! रोकने के बावजूद चल रहा निर्माण कार्य, लेखपाल ने दर्ज कराया मुकदमा

आगरा। एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के मलूपुर गांव में मंदिर के नाम दर्ज ग्राम पंचायत की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रशासनिक रोक और बार-बार चेतावनी के बावजूद गांव के एक व्यक्ति ने पक्का निर्माण शुरू कर दिया। मामले में लेखपाल की तहरीर पर थाना खंदौली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Jun 17, 2026 - 18:04
 0
आगरा के मलूपुर में मंदिर की जमीन पर दबंगई! रोकने के बावजूद चल रहा निर्माण कार्य, लेखपाल ने दर्ज कराया मुकदमा
खंदौली क्षेत्र के मलूपुर गांव में मंदिर के नाम दर्ज गांव पंचायत की जमीन पर हो रहा अवैध निर्माण।

एत्मादपुर तहसील के मलूपुर गांव स्थित खसरा संख्या-37 में मंदिर के नाम दर्ज ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने के मामले में गांव के लेखपाल महादेव सिंह ने थाना खंदौली में तहरीर देकर गांव निवासी पवनवीर सिंह पुत्र भगवान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

लेखपाल महादेव सिंह के अनुसार संबंधित भूमि ग्राम पंचायत की है और मंदिर के नाम दर्ज है। आरोप है कि पवनवीर सिंह द्वारा उक्त भूमि पर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। कई बार निर्माण कार्य रोकने और समझाने के बावजूद आरोपित ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए दबंगई के बल पर निर्माण जारी रखा हुआ है।

तहरीर में कहा गया है कि अवैध निर्माण के कारण ग्राम पंचायत की भूमि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की आपत्तियों के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया, जिसके चलते कानूनी कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ चुका है। नींव भरने के बाद दीवारें भी खड़ी की जाने लगी हैं। इससे ग्रामीणों में भी नाराजगी है और सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग उठ रही है।

पुलिस ने लेखपाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। राजस्व विभाग भी पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

SP_Singh AURGURU Editor