यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट के पास भीषण हादसा: ट्रेलर में घुसी वोल्वो बस, चार यात्रियों की मौत, 20 से अधिक घायल

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के राया कट के निकट तेज रफ्तार वोल्वो बस आगे चल रहे डंपर (ट्रेलर) से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Jun 30, 2026 - 08:03
 0
यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट के पास भीषण हादसा: ट्रेलर में घुसी वोल्वो बस, चार यात्रियों की मौत, 20 से अधिक घायल
यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा जिले में राया कट के पास आज तड़के हुए भीषण हादसे की तस्वीरें देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह लगभग साढ़े तीन बजे हुआ। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार धमाके के साथ बस डंपर से टकराई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए, जबकि बस के अगले हिस्से में बैठे यात्रियों को सबसे अधिक चोटें आईं।

सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार मथुरा के विभिन्न अस्पतालों में कराया जा रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। उनकी पहचान कराने तथा परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी न बनाए रखना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।

लोडिंग ट्रेलर में बस ने पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका अगला हिस्सा ट्रेलर के भीतर तक घुस गया। पुलिस के अनुसार राजस्थान नंबर आरजे-47 जीए-8143 का गिट्टी से भरा ट्रेलर अपनी लेन में चल रहा था। पीछे से आ रही बिहार नंबर बीआर-28पी-4723 की गोला बस सर्विस की वोल्वो बस तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर बस की खिड़कियां तथा इमरजेंसी गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को कटर की मदद से निकालना पड़ा। राहत एवं बचाव अभियान कई घंटों तक चलता रहा।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक गति हादसे का प्रमुख कारण सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया है।

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही कुछ ही क्षणों में खुशियों को मातम में बदल सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

SP_Singh AURGURU Editor