राजनीतिक दलों से टिकट न मिले तो वैश्य महासभा यूपी की सौ विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए भारतीय वैश्य महासभा ने बड़ा सियासी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। महासभा वैश्य बहुल विधानसभा क्षेत्रों में सभी राजनीतिक दलों से वैश्य समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने की अपील करेगी। यदि राजनीतिक दलों ने इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी तो महासभा अपने स्तर पर उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में कम से कम 100 वैश्य प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की रणनीति तैयार करेगी। इस रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही लखनऊ में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
लोहामंडी स्थित श्री अग्रसेन भवन में भारतीय वैश्य महासभा के मंडलीय सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव और वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, संगठन से जुड़े 31 नए सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि जब-जब देश और समाज के सामने प्रतिकूल परिस्थितियां आई हैं, वैश्य समाज ने आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आपातकाल और कोरोना काल तक समाज ने देशहित और समाजहित में योगदान दिया है।
भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक दलों के समक्ष वैश्य बहुल विधानसभा सीटों पर समाज के लोगों को टिकट देने का प्रस्ताव रखा जाएगा। यदि दलों ने इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी तो महासभा उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में कम से कम 100 वैश्य प्रत्याशियों को उतारने की दिशा में काम करेगी।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव वार्ष्णेय ने कहा कि महासभा ने नौ वर्ष के दौरान प्रदेश के 51 जिलों में अपना संगठन खड़ा कर लिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लखनऊ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय सचिव महेंद्र खंडेलवाल, संगठन मंत्री संजीव गोयल, प्रवक्ता पंकज गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुनील अग्रवाल, विजय सिंघल, डॉ. अशोक अग्रवाल, श्रीनिवास ठाकुर, रामबाबू अग्रवाल, राकेश गुप्ता, डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता, मंडल टीम से विनोद अग्रवाल, गौरव मंगल, संतोष गोयल, नितिन गुप्ता, अग्रवाल, मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष नागेश मित्तल, भरत मित्तल, कल्पना अग्रवाल, एकता जैन, मुकेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, मनोज सिंघल, आशीष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राम गोपाल अग्रवाल, मनीष सिंघल, सोमेश गर्ग, मनीष अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, अनुज गोयल आदि उपस्थित रहे।