‘नारी बढ़ेगी तो देश बढ़ेगा’: आगरा की सड़कों पर उमड़ा महिला शक्ति का सैलाब, स्कूटर-बाइक रैली में नारों से गूंजा एमजी रोड, मेयर और जिला पंचायत अध्य़क्ष एक ही स्कूटी पर नजर आईं
आगरा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार को आगरा की सड़कों पर महिला शक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जोश, ऊर्जा और आत्मविश्वास से लबरेज सैकड़ों महिलाओं ने स्कूटर और बाइक रैली निकालकर न सिर्फ अपनी एकजुटता दिखाई, बल्कि देश के विकास में अपनी भागीदारी का दमदार संदेश भी दिया। नगर निगम प्रांगण से शुरू होकर एमडी जैन इंटर कॉलेज तक निकली इस रैली ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा द्वारा निकाली गई स्कूटी-बाइक रैली की एक झलक।
रैली को आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी स्कूटर चलाकर इसमें शामिल हुईं। रैली नगर निगम से शुरू होकर सूरसदन चौराहा, संजय प्लेस, सेंट पीटर्स रोड होते हुए एमडी जैन इंटर कॉलेज पर जाकर समाप्त हुई।
पहले मानव श्रृंखला, फिर जोश से भरी रैली
रैली से पूर्व नगर निगम प्रांगण में महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इसके बाद जैसे ही रैली शुरू हुई, सड़कों पर नारी का सम्मान-देश का अभिमान और नारी की उड़ान-समाज की पहचान जैसे नारों की गूंज सुनाई देने लगी।

स्कूटी-बाइक रैली में शामिल महिलाएं उत्साहित नजर आईं।
पीएम मोदी को धन्यवाद, महिलाओं ने दिखाया दम
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद में पारित कराना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे महिलाओं को अब राजनीति में बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा और वे अपनी आवाज खुद उठा सकेंगी। उन्होंने कहा कि हजारों साल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं संसद में पहुंचेंगी।
एक स्कूटर पर दिखी एकता की मिसाल
रैली के दौरान महिला एकता का अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया एक ही स्कूटर पर सवार नजर आईं। इस दृश्य ने पूरे आयोजन को और खास बना दिया।
ट्रैफिक नियमों का भी दिया संदेश
रैली से पहले महापौर ने महिलाओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा बेहद जरूरी है और हेलमेट जीवन की रक्षा करता है।
महिलाओं ने रखे अपने विचार
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि अब महिलाओं को सड़क से संसद तक प्रतिनिधित्व मिलेगा।
महानगर उपाध्यक्ष डॉ. निधि शर्मा ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि इससे देश के विकास को नई गति मिलेगी।
नंदिनी जीवनदायिनी ट्रस्ट की संचालिका नंदिनी सिंह ने कहा कि नए भारत में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगी।
सैकड़ों महिलाओं की रही भागीदारी
रैली में महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता समेत पार्टी पदाधिकारी और शहर की सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि अब नारी सिर्फ सहभागी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनने के लिए तैयार है।