संभल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम मातम में बदला, स्कूल का छज्जा गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत; दो घायल
-आरके सिंह- संभल। तहसील क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान एक निजी स्कूल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में छज्जे के नीचे खड़े 8 वर्षीय बच्चे निजामम की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मदाला फतेहपुर गांव में अल हसन पब्लिक स्कूल में शनिवार सुबह स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ध्वजारोहण के बाद स्कूल के बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे थे। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के घरों और पड़ोसी गांवों के बच्चे भी स्कूल परिसर में पहुंचे थे।
बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ बच्चे स्कूल के मुख्य गेट पर बने छज्जे पर चढ़ गए। बच्चों के अधिक भार के कारण छज्जा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। उस समय छज्जे के नीचे भी कुछ बच्चे खड़े थे। छज्जा गिरने से तीन बच्चे मलबे में दब गए।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में निजामम (8) पुत्र नईम गंभीर रूप से दब गया था। उसे सैफ अली (11) और शैदाना (10) पुत्र इमरान के साथ तत्काल सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने निजामम को मृत घोषित कर दिया। सैफ अली और शैदाना को चोटें आई हैं और उनका उपचार चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने और पुलिस अधीक्षक ने मृत बच्चे के परिजनों से मुलाकात की है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई शिकायत या शिकवा नहीं किया गया है। परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
परिजनों ने मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।