स्वाधीनता दिवस पर नेत्रहीन मेधावी श्वेता को मिला स्क्रीन रीडर लैपटॉप, आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान
आगरा। स्वतंत्रता दिवस पर सत्यमेव जयते ट्रस्ट ने देशभक्ति के साथ सेवा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। संजय पैलेस स्थित ट्रस्ट के सेवा कार्यालय पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन किया गया। इसके साथ ही ट्रस्ट ने आनंद वृंदावन, संजय पैलेस निवासी पूर्णतया नेत्रों की रोशनी खो चुकी मेधावी जरूरतमंद शिक्षार्थी कुमारी श्वेता गोयल को यूपीएससी मुख्य परीक्षा की टाइपिंग परीक्षा की तैयारी के लिए स्क्रीन रीडर इंस्टॉल्ड लैपटॉप भेंट किया।
ट्रस्ट के सेवा कार्यालय पर ध्वजारोहण पीएफओ पीके उपाध्याय, पूर्व महासचिव गौतम सेठ और वर्तमान महासचिव अनिल कुमार अग्रवाल एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर स्क्रीन रीडर लैपटॊप पाने वाली श्वेता गोयल ने यूपीएससी की परीक्षा दी है और फिलहाल परिणाम की प्रतीक्षा है। वह पूरी तरह नेत्रहीन हैं। बताया गया कि जब श्वेता 14-15 वर्ष की थीं, तब धीरे-धीरे उनकी आंखों की रोशनी कम होने लगी। परिवार ने काफी उपचार कराया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। एम्स दिल्ली के चिकित्सकों के अनुसार उनकी आंखों में ऐसी समस्या हो गई थी, जिसका दुनिया में कोई उपचार उपलब्ध नहीं है।
श्वेता के पिता कपड़े का कारोबार करते थे, लेकिन उनके बेटे के पैरालिसिस से पीड़ित होने के बाद परिवार पर इलाज और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ गया और उनका कारोबार बंद हो गया। आर्थिक परिस्थितियां बेहद कठिन होने के बावजूद श्वेता ने पिता पर बोझ न बनने और अपने पैरों पर खड़े होने के उद्देश्य से यूपीएससी की परीक्षा में शामिल होने का निर्णय लिया।
यूपीएससी मुख्य परीक्षा की टाइपिंग परीक्षा की तैयारी के लिए श्वेता को स्क्रीन रीडर सुविधा वाले लैपटॉप की आवश्यकता थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इसे खरीद पाने में असमर्थ थीं। इसी बीच उनकी जरूरत की जानकारी सत्यमेव जयते ट्रस्ट तक पहुंची। ट्रस्ट ने गुप्तनाम समाजसेवी के सहयोग से श्वेता को स्क्रीन रीडर इंस्टॉल्ड लैपटॉप उपलब्ध कराया।
लैपटॉप मिलने पर श्वेता के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने ट्रस्ट और सहयोगी समाजसेवी के प्रति बार-बार आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने श्वेता को बेहतर कैरियर और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पीएफओ पीके उपाध्याय, महासचिव अनिल कुमार गोयल एडवोकेट, निवर्तमान महासचिव गौतम सेठ, ट्रस्टी अंशुमान वावरी, नंदकिशोर गोयल, नितिन अग्रवाल, मुकेश सिंह, अनिल जैन ‘रंगकर्मी’, राम भाई, हरीश वासवानी सहित ट्रस्ट के कंप्यूटर शिक्षार्थी और सेवारत स्टाफ मौजूद रहे।