महंगाई ने छीनी चाय की मिठास, सपा नेता ने व्यापारियों संग की ‘फीकी चाय पर चर्चा’, घेवर से मिठाई तक पर उठाए सवाल

आगरा। बढ़ती महंगाई के खिलाफ सपा के वरिष्ठ नेता एवं आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने शनिवार को चांदी वाली बगीची, मदिया कटरा में व्यापारियों और आम लोगों के साथ ‘फीकी चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने चीनी समेत रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि महंगाई इसी तरह बढ़ती रही तो रक्षाबंधन पर बहनें घेवर कैसे खरीदेंगी और त्योहारों व शादियों में मिठाई कैसे बनेगी।

Aug 22, 2026 - 19:48
 0
महंगाई ने छीनी चाय की मिठास, सपा नेता ने व्यापारियों संग की ‘फीकी चाय पर चर्चा’, घेवर से मिठाई तक पर उठाए सवाल
मदिया कटरा स्थित चांदी वाली बगीची पर फीकी चाय पर चर्चा कार्यक्रम में लोगों से चर्चा करते सपा नेता विनय अग्रवाल।

विनय अग्रवाल ने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ बहुत सुनी गई है, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच अब व्यापारियों और आम लोगों के साथ ‘फीकी चाय पर चर्चा’ की जरूरत पड़ गई है। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम 45 रुपये से बढ़कर करीब 70 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। ऐसे में सुबह की चाय से लेकर त्योहारों की मिठाइयों तक पर महंगाई का असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहन घेवर कैसे खरीदेगी, गरीबों की मिठाई पेठा और अन्य मिठाइयां महंगी हो जाएंगी, करवा चौथ पर चीनी का करवा कैसे बनेगा और दिवाली तथा शादियों में मिठाई बांटना भी मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी के जीवन से मिठास खत्म होती जा रही है।

विनय अग्रवाल ने अदरक के दाम करीब 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का दावा करते हुए कहा कि गैस, पेट्रोल, खाने का तेल और प्याज भी महंगे हो गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि महंगाई के इस दौर में अब पकोड़े कैसे बनेंगे। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि आम आदमी के जीवन से मिठास खत्म हो गई है। अब 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनेगी और वे मुख्यमंत्री बनेंगे तथा 2029 में अखिलेश यादव प्रधानमंत्री बनेंगे, तभी आम आदमी के जीवन में मिठास आएगी।

कार्यक्रम में सतीश चाहर, राजेश जैसवाल, विनोद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, बबलू यादव, अतुल गर्ग, अजय अग्रवाल, सोमेश गुप्ता, निरमेश शर्मा, विमल वाल्मीकि, अंकित गर्ग, हिमांशु यादव, भानु प्रताप सिंह, लखन यादव, हरिओम यादव, ऋषि गुप्ता, राजीव सविता, सैफी भाई, भोला खान, जाहिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor